Coronavirus Lockdown: एकल अभियान से सुरक्षित हुए सवा लाख गांव, मुख्य द्वार पर दिन-रात दे रहे पहरा
Coronavirus Lockdown एकल अभियान के संस्थापक एवं आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्यामजी गुप्त ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि देश पर आए इस संकट के समय कार्यकर्ता समाजसेवा में जुटे हैं
रांची, [संजय कुमार]। Coronavirus Lockdown राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आनुषांगिक संगठन एकल अभियान के कार्यकर्ता कोरोना वायरस से फैली वैश्विक महामारी से निपटने में लोगों की दिन-रात मदद कर रहे हैं। देश के एक लाख 21 हजार 408 गांवों को कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह से सुरक्षित कर रखा है। इन गांवों में न तो कोई बाहर से आ सकता है और न ही अंदर से कोई बाहर जा सकता है।
एकल अभियान के संस्थापक एवं आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्यामजी गुप्त ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि देश पर आए इस संकट के समय सभी कार्यकर्ता समाजसेवा में जुटे हैं। एकल के प्रयास से बने आठ लाख 36 हजार ग्राम सैनिक इस कार्य में लगे हैं। 57 हजार गांवों में क्वारंटाइन सेंटर तक की व्यवस्था कर रखी है। गांवों की सीमाओं की घेराबंदी कर रखी है। एहतियात के तौर पर पालियों में बांटकर पहरा दे रहे हैैं।
विशेष सावधानी की जरूरत
श्यामजी गुप्त ने कहा कि लॉकडाउन में कुछ क्षेत्रों में राहत देने के बाद गांवों में अब विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। गांव से कोई भी व्यक्ति फैक्ट्री, कृषि या अन्य कार्य से बाहर जाए तो लौटने के बाद पूरी तरह से सैनिटाइज करने के बाद ही उसको प्रवेश करने दिया जाए। श्यामजी ने कहा कि आज एकल के प्रयास से उत्तर प्रदेश के 23772, झारखंड के 18766, गुजरात के 4578, पूर्वोत्तर के 8433, उत्तराखंड के 5154, जम्मू के 5970, मध्य प्रदेश के 7566, हिमाचल के 17222, बिहार के 18128, कर्नाटक 1850 गांवों में लॉकडाउन का पालन लोग कर रहे हैं।
गांवों में शिक्षक बांट रहे हैं मास्क
एकल अभियान की ओर से देशभर में एक लाख से अधिक एकल विद्यालय चलाए जा रहे हैं। इन स्कूलों के शिक्षक व शिक्षिकाएं गांवों में मास्क बांट रहे हैैं। एक लाख 40 हजार 876 गांवों के लोगों के बीच मास्क बांटने का काम पूरा हो चुका है। कई जगहों पर एकल के आरोग्य फाउंडेशन के कार्यकर्ता काढ़ा तैयार कर लोगों को पिला रहे हैं साथ भी जरूरतमंदों को भोजन कराने का भी काम चल रहा है। देसी पद्धति से सैनिटाइज तैयार कर भी बांटा जा रहा है।