रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Corona Update झारखंड में धीमी रफ्तार से ही सही, कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल के दिनों में लगातार औसतन 50 संक्रमितों की पहचान हो रही है। इससे राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर अब 352 हो गई है। राज्य के 24 जिलों में चार ही ऐसे जिले हैं, जहां अभी कोई एक्टिव केस नहीं है। इनमें पाकुड़, साहिबगंज, लोहरदगा तथा गढ़वा शामिल हैं। दुमका व सिमडेगा में भी कोई एक्टिव केस नहीं था, लेकिन सोमवार को यहां एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुुई।
रांची में एक संक्रमित की मौत
सोमवार को झारखंड में 52 नए संक्रमित की पहचान हुई। इनमें रांची में सबसे अधिक 23 संक्रमित मिले। इसके बाद सरायकेला खरसावां में 14, पूर्वी सिंहभूम में छह, गुमला में चार, देवघर, धनबाद , कोडरमा, सिमडेगा व दुमका में एक-एक संक्रमित की पहचान हुई। इधर, रांची में एक संक्रमित की मौत हो गई।
रांची में सबसे अधिक एक्टिव केस
झारखंड में कोरोना के अधिक मामले तीन जिलों में हैं। रांची में सबसे अधिक 140 एक्टिव केस हैं, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 73 तथा देवघर में 50 ऐसे मरीज हैं। अन्य जिलों में बोकारो में 16, सरायकेला खरसावां में 15, गुमला में 13, हजारीबाग में 10, रामगढ़ में आठ, गोड्डा व कोडरमा में पांच-पांच, पलामू में चार, लातेहार व धनबाद में तीन-तीन, खूंटी में दो तथा पश्चिमी सिंहभूम गिरिडीह, जामताड़ा व चतरा में एक-एक एक्टिव केस हैं।
लगातार बढ़ रहे हैं मामले, कोरोना जांच की संख्या काफी कम
झारखंड में एक ओर कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, दूसरी तरफ यहां कोरोना जांच की संख्या काफी कम है। साेमवार को 6491 लोगों की कोरोना जांच हुई। इस तरह, संक्रमण दर 0.80 प्रतिशत रही। एक दिन पहले रविवार को भी पूरे राज्य में महज 2,456 लोगों की जांच हुई। इनमें से 35 संक्रमित पाए गए। संक्रमण दर 1.42 प्रतिशत रही। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने भी सभी उपायुक्तों को बढ़ते मामले को लेकर अलर्ट करते हुए कोरोना जांच बढ़ाने को कहा है।
a