Corona in Jharkhand: 70 साल के इन 3 बुजुर्गों ने कोरोना को हराया, झारखंड में अबतक 83 स्वस्थ; जानें ताजा हाल
Jharkhand Corona Cases News Update कोरोना से सर्वाधिक खतरा वृद्धजनों को रहता है लेकिन झारखंड में 70 साल से ऊपर के तीन मरीजों ने कोरोना से जिंदगी की जंग जीत ली।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Corona Cases News Update कोरोना से सर्वाधिक खतरा वृद्धजनों को रहता है, लेकिन झारखंड में 70 साल से ऊपर के तीन मरीजों ने कोरोना वायरस महामारी से जिंदगी की जंग जीत ली। डाॅक्टरों की मानें तो इन बुजुर्गों ने तेजी से रिकवर किया। अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। आंकड़ों पर गौर करें तो झारखंड के 156 कोरोना मरीजों में से अबतक 70 वर्ष से अधिक उम्र के आयुवर्ग के कुल 5 लोगों की कोरोना संक्रमित के रूप में पहचान की गई है। जिनमें 4 पुरुष और एक महिला हैं। इनमें से 3 पुरुष कोरोना को हराने में सफल रहे। ये सभी ठीक हो गए। हालांकि एक वृद्ध महिला में अब भी कोरोना संक्रमण बरकरार है। इस क्रम में बोकारो के एक वृद्ध की मौत हो गई। जिसका टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आया था।
झारखंड में अबतक 83 मरीज ठीक
झारखंड में अबतक कोरोना से लड़कर जिंदगी की जंग जीतने वालों का रिकॉर्ड सबसे बेहतर है। यहां शनिवार तक 83 कोरोना मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इन्हें डॉक्टरों की देखरेख में लगतार दो रिपोर्ट निगेटिव आने पर कोविड अस्पतालों और आइसोलेशन सेंटरों से डिस्चार्ज कर दिया गया है। शुक्रवार को 28 और शनिवार को 3 मरीजों को स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद उनके घर भेज दिया गया। संक्रमण के कुल 156 मामलों में 83 के कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद राज्य में अब 71 एक्टिव केस बचे हैं। इनमें 2 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है।
24 घंटे में 24 कोरोना मरीज मिले
झारखंड में कोरोना संक्रमण के फैलते दायरे पर नजर डालें तो बाहर फंसे प्रवासी मजदूरों के घर लौटने के बाद कोरोना का खतरा अचानक से बढ़ गया है। बीते 24 घंटे में 24 कोरोना मरीजों की पहचान की जा चुकी है। इनमें सर्वाधिक मामले गढ़वा जिले से सामने आए हैं। जबकि कोडरमा और धनबाद से 2-2 नए मामलों की पुष्टि हुई है। बीती रात धनबाद में मां और उसके बेटे के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। धनबाद में इस तरह कुल 4 कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें दो को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
रांची बना कोरोना का हॉट स्पॉट, गढ़वा दूसरे नंबर पर
राजधानी रांची अब भी झारखंड में कोरोना का हॉट स्पॉट बना हुआ है। यहां अबतक 93 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि इनमें 51 कोरोना मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। रांची में कोरोना के अधिकतर मामले हिंदपीढ़ी इलाके से सामने आए हैं। जबकि 5 नर्स और एक लैब टेक्नीशियन समेत कुल सात हेल्थ वर्कर भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। कोरोना संक्रमण के मामले में गढ़वा दूसरे नंबर पर है। यहां कुल 23 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 3 को स्वस्थ होने के बाद कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
धनबाद में कैंसर की मरीज निकली कोरोना पॉजिटिव
शनिवार को झारखंड में कोरोना के 2 नए मामले सामने आए। पीएमसीएच, धनबाद ने सैंपल जांच के क्रम में झरिया इलाके के जामाडोबा के रहने वाले मां और उसके बेटे को कोराना पॉजिटिव करार दिया है। एक दिन पहले ही मुंबई से लौटे दोनों मां-बेटे का स्वाब जांच के लिए लिया गया था। महिला पिछले आठ महीने से कैंसर की जंग लड़ रही है। ये 8 मई को मुंबई से एंबुलेंस के जरिये धनबाद पहुंचे थे। जहां दामाद के कहने पर इन्होंने कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी। इसके पहले धनबाद के पूर्व के दो कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने के बाद इस जिले के ग्रीन जोन में आने की संभावना जताई जा रही थी।