सुभाष जयंती से संविधान की रक्षा को जिला स्तर पर कांग्रेस के कई कार्यक्रम
Jharkhand. प्रदेश कांग्रेस 23 26 व 30 जनवरी को जिला एवं प्रदेश मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित करेगी। संविधान की रक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस पार्टी 23, 26 व 30 जनवरी को जिला एवं प्रदेश मुख्यालय में संविधान की रक्षा को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 23 जनवरी को सुभाष चंद्र बोस जयंती के दिन आइएनए की गाथा, 26 जनवरी को संविधान की प्रस्तावना पढऩा व बचाने का संकल्प लेना व 30 जनवरी को महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा।
रांची में प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा कि इस संबंध में 13 जनवरी 2020 को सोनिया गांधी की अध्यक्षता में विपक्षी दलों की बैठक हुई थी, इसमें निर्णय लिया गया कि संविधान की रक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आर्थिक संकट ने देश की जीडीपी में गिरावट के साथ मंदी के कगार पर पहुंचा दिया है।
पिछली एक सदी में बेरोजगारी का स्तर सबसे अधिक है, कृषि संकट, किसानों की आत्महत्या, रसोई गैस सहित सभी आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्य पदार्थो की बढ़ती कीमतों ने लोगों के जीवन को और अधिक दयनीय बना दिया है। इन मुद्दों पर लोगों को राहत प्रदान करने के बजाय भाजपा ने सांप्रदायिक धु्रवीकरण को तेज करने के लिए लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों व संवैधानिक गारंटी पर हमला किया है। सीएए, एनआरपी और एनआरसी एक ही पैकेज है। यह असंवैधानिक है।