Jharkhand: एससी विभाग को अछूत मानने की व्यवस्था खत्म करेगी कांग्रेस
Jharkhand Congress. पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि राज्य में कमेटी का पुनर्गठन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोले मंथन करना होगा कि क्यों हारे तीनों सीटें।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग को सक्रिय और मजबूत बनाने को लेकर सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में मशक्कत की गई। बैठक और संवाद के क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के उपाध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि एससी विभाग को अछूत मानने की व्यवस्था को कांग्रेस खत्म करेगी और इसके लिए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को आगे आना होगा।
उन्होंने प्रदेश संगठन के पुनर्गठन की बात कही और बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन का पुनर्गठन तथा संविधान बचाओ देश बचाओ एवं सीएनटी/एसपीटी कानून में आगे भी किसी प्रकार के संशोधन को रोकना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि एससी विभाग को सोचना होगा कि पार्टी ने तीन सीटों पर इस बिरादरी को चुनाव लड़ाया, लेकिन हमारे उम्मीदवार जीत नहीं सके।
गलतियों से सीख लेकर आगे मजबूत बनना होगा। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डीपी सुमन भी उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद खाबरी ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का पुनर्गठन करना है, नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष का मनोनयन कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह वह विभाग है, जो अछूत माना जाता है, अछूत की प्रथा अगर खत्म हो जाएगी तो कांग्रेस मजबूत होगी। देश में गरीबी और अमीरी का झगड़ा है। वह घर में भी है, समाज में भी है, देश में भी है। जब तक आपके अंदर एकता नहीं होगी, तब तक आप पहचाने नहीं जाएंगे। जिस दिन एक हो जाएंगे, आप ताकतवर हो जाएंगे। संगठन के लिए हमें उर्जावान कार्यकर्ता चाहिए। डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि दलित समाज हमारा अभिन्न अंग है, जिनके सहयोग के बिना हम राज्य के विकास की कल्पना नहीं कर सकते।
आने वाले समय में यह देखना आवश्यक होगा कि किस प्रकार बेहतर ढंग से काम किया जा सके। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग को यह विशेष जिम्मेदारी सुनिश्चित करनी होगी कि दलित समाज की समस्याओं का निदान किस प्रकार किया जा सके। इसके पूर्व प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष संजय लाल पासवान, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, बंगाल कांग्रेस के ओबीसी के प्रभारी संतोष कुमार सोनी, वरिष्ठ नेता निरंजन पासवान, केदार पासवान आदि ने लोगों को संबोधित किया।