झारखंड कांग्रेस में फिर विवाद, अभिलाष साहू की बहाली पर प्रभारी के. राजू ने उठाए सवाल
झारखंड प्रदेश कांग्रेस में अभिलाष साहू की उपाध्यक्ष पद पर बहाली को लेकर हंगामा खड़ा हो गया है।
-1789670023134_m.webp)
अभिलाष साहू और कांग्रेस प्रभारी के. राजू। (फाइल फोटो)
HighLights
अभिलाष साहू की उपाध्यक्ष पद पर बहाली से झारखंड कांग्रेस में विवाद।
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने लंबित अनुशासनात्मक जांच पर सवाल उठाए।
रिपोर्ट आने तक साहू के संगठनात्मक दायित्व स्थगित रखने का निर्देश।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक स्तर पर एक बार हंगामा बरपा है और इस बार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने अभिलाष साहू को कार्रवाई से मुक्त करने और तत्काल उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठाया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र के अनुसार, अभिलाष साहू की झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद पर बहाली से जुड़ी अधिसूचना (पत्र संख्या 431/09/2026, दिनांक 14.09.2026) के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई से संबंधित जांच प्रतिवेदन का परीक्षण अभी लंबित है।
पत्र के मुताबिक, इस जांच प्रतिवेदन के माध्यम से यह निर्धारित किया जाना है कि अभिलाष साहू द्वारा किए गए कृत्य तथा उनके लिए निर्धारित दंड के बीच उचित अनुपात एवं न्यायसंगतता है अथवा नहीं।
2 सूत्रीय कार्रवाई का निर्देश
इस संबंध में प्रदेश प्रभारी ने दो सूत्री कार्रवाई का निर्देश दिया है। पहला निर्देश यह है कि कांग्रेस अनुशासन समिति को निर्देशित किया जाए कि वह अभिलाष साहू की कथित वीडियो बनाने एवं उसे सार्वजनिक रूप से प्रसारित करने में उनकी व्यक्तिगत भूमिका, अनुशासन समिति के समक्ष उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण तथा सार्वजनिक मंच पर उनके द्वारा दिए गए वक्तव्यों का विस्तृत परीक्षण करते हुए अपनी स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
साथ ही, उनके सार्वजनिक आचरण एवं धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से संबंधित तथ्यों को भी रिपोर्ट में समुचित रूप से शामिल किया जाए।
अनुशासन समिति की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त होने तथा उसके परीक्षण के उपरांत ही अभिलाष साहू की संगठनात्मक जिम्मेदारियों के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाना न्यायसंगत होगा।
अतः रिपोर्ट प्राप्त होने तक उनके झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक दायित्व को स्थगित रखा जाना उचित होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि फिलहाल पार्टी की ओर से इस मामले में अनुशासन समिति की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की संगठनात्मक कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें- फेसबुक पर मुसलमानों को गाली देने के मामले में अभिलाष साहू का निलंबन वापस, OBC मुद्दे पर आंदोलन करेगी झारखंड कांग्रेस
