झारखंड में भी डिजिटल प्लेटफार्म पर चलेगा कांग्रेस का सदस्यता अभियान, ऐसे लोगों का पहचान पत्र निर्गत करेगी पार्टी
Jharkhand Political News झारखंड (Jharkhand) में भी कांग्रेस का सदस्यता अभियान (Congress Membership Campaign) डिजिटल प्लेटफार्म (Digital Platform) पर चलेगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य नामांकनकर्ताओं की सूची तैयार कर उसे केंद्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
रांची, (राज्य ब्यूरो)। Jharkhand Political News : पूरे देश की तरह झारखंड (Jharkhand) में भी कांग्रेस का सदस्यता अभियान (Congress Membership Campaign) डिजिटल प्लेटफार्म (Digital Platform) पर चलेगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस (Jharkhand Pradesh Congress) के प्रभारी आरपीएन सिंह (RPN Singh) ने प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्यता प्रभारी को जिला सस्यता प्रभारी व जिला अध्यक्ष के साथ समन्वय बैठाकर अभियान को सफल बनाने को कहा।
इस बाबत उन्होंने मुख्य नामांकनकर्ताओं की सूची तैयार कर उसे केंद्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही समय रहते इन्हें प्रशिक्षित कर बूथ स्तरीय नामांकनकर्ताओं को भी प्रशिक्षित करने को कहा।
प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड करना है एप
मंगलवार को हुई आनलाइन बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि विशेष सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिला प्रभारियों को जिम्मेवारी मिली है। डिजिटल मोड के सदस्यता प्रभारी के. राजू ने बताया कि कैसे हमें प्ले स्टोर में जाकर एप को डाउनलोड करना है।
झारखंड में सफल बनाएंगे सदस्यता अभियान
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक संरचना पिछड़े व यहां एनरायड फोन की अनुपलब्धता वाले प्रदेश की जरूर है, पर जिस प्रकार झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रोजेक्ट शक्ति अभियान को सफलता पूर्वक संपन्न किया, ठीक वैसे ही हम झारखंड में आफलाइन एवं डिजिटल मोड की सदस्यता अभियान को सफल बनाएंगे।
डिजिटल मोड से बने सदस्यों को पार्टी निर्गत करेगी पहचान पत्र
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग अब तक जितनी सदस्यता रसीदें प्राप्त कर चुके हैं, उसमें से अबतक बन चुके सदस्यों की पूरी विवरणी के साथ जमा भी करते जाएं। बहुत जल्द जिलास्तरीय प्रखंड स्तरीय एवं बूथ स्तर पर डिजिटल सदस्यता एनरोलर के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। डिजिटल मोड से बने सदस्यों को पार्टी पहचान पत्र भी निर्गत करेगी।
जल्द ही अभियान का जायजा लेने के लिए क्षेत्र में जाएंगे
केंद्रीय डिजिटल सदस्यता प्रभारी के. राजू ने बैठक में विस्तारपूर्वक डिजिटल माध्यम से सदस्यता सम्पन्न करवाने की प्रक्रिया पर बल देते हुए झारखंड में जिला, प्रखंड एवं बूथ स्तर पर नामांकनकर्ताओं की प्रतिनियुक्ति कर उनके जल्द प्रशिक्षण का आग्रह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष से किया। बैठक के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा एवं शहजादा अनवर ने कहा कि जल्द ही अभियान का जायजा लेने के लिए क्षेत्र में जाएंगे।