Coronavirus Update : मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन से नहीं होगी अभी सीधी मुलाकात, 21 लोग कोरोना पाजिटिव
CM House corona positive मुख्यमंत्री आवास में 21 लोगों के कोरोना पाजिटिव होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री आवास में नोटिस लगा दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति इस समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधी मुलाकात नहीं कर सकता है। जानें क्या है हाल-
रांची, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री आवास के 16 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव निकली है। इन 16 संक्रमित कर्मचारियों के बाद दो दिनों के भीतर मुख्यमंत्री आवास में कुल 21 लोग संक्रमित हो चुके हैं। मुख्यमंत्री आवास से कुल 62 कर्मचारियों का सैंपल जांच के लिए शनिवार को लिया गया था।
मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात पर लगाई गई पाबंदी
मुख्यमंत्री आवास में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात पर तत्काल पाबंदी लगा दी गई है। फिलहाल किसी को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधी मुलाकात नहीं करने का आदेश दिया गया है। यहां आने वाले लोगों को आवेदन के माध्यम से अपनी बात रखने को कहा गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री आवास में बकायदा नोटिस भी लगा दिया गया है।
सभी फिलहाल होम आइसोलेशन में, चल रहा इलाज
सैंपल जांच के बाद 16 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें क्लर्क, चपरासी, ड्राइवर, माली, सुरक्षाकर्मी और कैंटीन स्टाफ शामिल हैं। एक दिन पहले शनिवार शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, उनके दोनों बच्चे, उनकी साली और एक बॉडीगार्ड कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सभी फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। लक्षण के अनुसार सभी का इलाज किया जा रहा है।
सभी संक्रमितों में कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए हैं
सिविल सर्जन डा विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी को हल्के लक्षण हैं। इसलिए सभी होम आइसोलेशन में रहेंगे। सभी लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण थे, जिसके बाद सभी लोगों की जांच के लिए शनिवार को सैंपल लिया गया था। आरटीपीसीआर जांच में इन लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन की सीटी वैल्यू 32.2 है, जिसे अधिक खतरनाक नहीं माना नहीं जा सकता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत 13 लोगों का लिया गया था सैंपल
रांची सदर अस्पताल की एक टीम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी, दोनों बच्चों और बॉडगार्ड समेत 13 लोगों का सैंपल लिया था। इसकी जांच में शनिवार को पांच लोग संक्रमित पाए गए थे, बाकी अन्य 62 लोगों की जांच रिपोर्ट रविवार को आई है। इसके बाद अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।