विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand News: हेमंत सोरेन के खास पंकज मिश्रा के पास 42 करोड़ की अवैध संपत्ति, ईडी का दावा

By M EkhlaqueEdited By:
Published: Wed, 21 Sep 2022 08:52 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 21 Sep 2022 08:53 PM (GMT+05:30)

Pankaj Mishra Jharkhand प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी का दावा है कि संताल क्षेत्र में 1000 करोड़ से अधिक का अवैध ...और पढ़ें

Hemant Soren News: पंकज मिश्रा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फाइल फोटो।
Hemant Soren News: पंकज मिश्रा और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का फाइल फोटो।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Pankaj Mishra ईडी ने रांची स्थित ईडी की विशेष अदालत में पिछले दिनों पंकज मिश्रा, बच्चू यादव व प्रेम प्रकाश पर दाखिल आरोप पत्र में इस बात का खुलासा किया है कि संताल परगना में आरोपितों ने अवैध पत्थर खनन से 1000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की है। इसमें अकेले पंकज मिश्रा के पास करीब 42 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति है। ईडी ने इसे अधिकृत रूप से भी सार्वजनिक कर दिया है। ईडी की चार्जशीट पर विशेष अदालत ने संज्ञान लिया है। जिसपर अब सुनवाई शुरू होगी।

19 जुलाई को पंकज मिश्रा हुआ था गिरफ्तार

पंकज मिश्रा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि हैं। ईडी ने 19 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार प्रेम प्रकाश नेताओं व नौकरशाहों का करीबी है। उसे ईडी ने 25 अगस्त को गिरफ्तार किया था। पंकज मिश्रा का खास सहयोगी व दाहिना हाथ बच्चू यादव चार अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। तीनों ही आरोपित तब से ही न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी अभी भी कर रही इस मामले की जांच

ईडी ने जारी बयान में बताया है कि साहिबगंज जिले के बड़हरवा में टेंडर विवाद में दर्ज प्राथमिकी में मनी लांड्रिंग के तहत केस दर्ज कर आरोपित पंकज मिश्रा व अन्य के विरुद्ध ईडी ने अनुसंधान शुरू किया था। इसके बाद ईडी ने अवैध खनन, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम व आर्म्स एक्ट में दर्ज कई कांडों को भी अपने अनुसंधान की कड़ी में जोड़ा और अनुसंधान तेज की। अनुसंधान में अब तक इस बात का खुलासा हो चुका है कि आरोपितों ने अवैध खनन से 1000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की है। इस मामले में ईडी का अनुसंधान जारी है।

राजनैतिक बल पर करवाया है अवैध खनन

ईडी ने अधिकृत रूप से जारी बयान में इस बात का भी खुलासा कर दिया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधानसभा क्षेत्र का विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने राजनैतिक ताकत के बल पर अवैध खनन करवाया। साहिबगंज में अवैध खनन के धंधे, गंगा नदी पर मालवाहक जहाज संचालन, अवैध पत्थर खनन, अवैध क्रशर व विभिन्न पत्थर खदानों पर पंकज मिश्रा का सीधा नियंत्रण रहा है।

देश में 47 ठिकानों पर तलाशी ले चुकी ईडी

टेंडर विवाद में मनी लांड्रिंग के तहत केस दर्ज करने के बाद ईडी ने आरोपितों से जुड़े 47 ठिकानों पर विभिन्न तिथियों में छापेमारी कर चुकी है। इस छापेमारी में ईडी ने 5.34 करोड़ रुपये नकदी जब्त की थी। इसके अलावा ईडी ने आरोपितों से जुड़े बैंक खातों से 13.32 करोड़ रुपये, एक मालवाहक जहाज, पांच स्टोन क्रशर, दो हाइवा ट्रक व कई अहम दस्तावेज व दो एके-47 राइफल जब्त किया था।