Jharkhand: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से की मुलाकात, करम पर्व की दी बधाई
Jharkhand Political Updates राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से उनके पिता व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के क्रम में दोनों ने एक-दूसरे को करम पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इस क्रम में कोरोना के प्रसार पर नियंत्रण हेतु राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने भी कोरोना मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी मुख्यमंत्री से ली। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि निजी अस्पतालों में कोरोना के उपचार हेतु राज्य सरकार द्वारा दर निर्धारण किया गया है। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से उनके पिता व पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली।