झारखंड में 1038 सीएचओ पदों पर बंपर भर्ती, 31 अक्टूबर से करें आवेदन; यह है प्रक्रिया और योग्यता
झारखंड में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए 1,038 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) की अनुबंध पर नियुक्ति होगी। इसके लिए 22 ...और पढ़ें

राज्य के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए अनुबंध पर होगी नियुक्ति।
HighLights
झारखंड में 1,038 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति।
बीएससी नर्सिंग और कम्युनिटी हेल्थ सर्टिफिकेट वाले कर सकेंगे आवेदन।
25 हजार मासिक मानदेय, प्रदर्शन पर अतिरिक्त 15 हजार रुपये।
राज्य ब्यूरो, रांची। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड ने राज्य के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) के रिक्त पदों पर नियुक्ति का निर्णय किया है। इसके तहत कुल 1,038 पदों के विरुद्ध नियुक्ति होगी, जिसमें झारखंड की आरक्षण नीति लागू होगी। इन पदों पर नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड या झारखंड सरकार के रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से 31 अक्टूबर से 22 नवंबर तक आनलाइन आवेदन भरे जाएंगे।
यह नियुक्ति अनुबंध पर एक वर्ष के लिए होगी तथा प्रदर्शन संतोषजनक पाए जाने पर अनुबंध का अवधि विस्तार होगा। इन पदों पर नियुक्ति के लिए बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक नर्सिंग के साथ-साथ किसी भी मान्यता प्राप्त नर्सिंग स्कूल से इंटीग्रेटेड करिकुलम के रूप में कम्युनिटी हेल्थ सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।
साथ ही अभ्यर्थी यह सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम वर्ष 2016-2020 में या इसके बाद उत्तीर्ण किया हो। अधिकतम आयु सीमा वही होगी जो झारखंड सरकार की होनेवाली नियुक्ति में लागू है। इसके तहत अनारक्षित के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष, ईडब्ल्यूएस के लिए 35 वर्ष, बीसी-1 तथा बीसी-2 के लिए 37 वर्ष, महिला अनारक्षित के लिए 38 वर्ष तथा एससी व एसटी के लिए 40 वर्ष निर्धारित है। दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में श्रेणीवार छूट भी प्राप्त होगी।
नियुक्त अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय के अलावा प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 15 हजार रुपये तक की राशि का भुगतान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड का प्रयास चयनित होनेवाले सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को अगले वर्ष के जनवरी माह तक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनाती की है।
किस श्रेणी में कितने पदों पर होगी नियुक्ति
- अनारक्षित : 253
- आर्थिक रूप से कमजोर : 104
- एसटी : 280
- एससी : 288
- बीसी-1 : 55
- बीसी-2 : 58
