Eid 2019: झारखंड में हंसी-खुशी मनाई जा रही ईद, CM रघुवर दास ने दी बधाई
Happy Eid-ul-Fitr 2019 ईद के मौके पर रोजेदारों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और अमन-चैन की दुआं मांगी।
रांची, जेएनएन। झारखंड (Jharkhand) में मंगलवार को ईद (Eid) का चांद दिखने के बाद बुधवार को हंसी-खुशी से ईद-उल-फितर (Happy Eid-ul-Fitr 2019) मनाई जा रही है। ईद के मौके पर रोजेदारों ने एक दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और अमन-चैन की दुआं मांगी। ईद का चांद दिखने के बाद रमजान का पाक महीना खत्म हो गया है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने महीने भर बिना कुछ खाए-पीये रोजा रखा। ईद-उल-फितर के मौके पर मुख्यमंंत्री रघुवर दास ( Raghubar Das) ने सभी को बधाई दी।
रांची में पुलिस प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट में भी बदलाव
रांची सहित सूबे में मंगलवार की शाम ईद का चांद देखे जाने की इमारत ए शरिया और एदारा ए शरिया ने पुष्टि करते हुए अधिकारिक घोषणा की। ईद का चांद देखने की तस्दीक होते ही पूरे शहर के लोग उल्लास में डूब गए। हालांकि रांची में बादल छाए रहने से शहरवासी ईद के चांद का दीदार नहीं कर सके। फिर भी एदारा के तस्दीक के साथ ही ईद की खुशियां शहर की फिजां में घुल गई।
एदारा शरिया के नाजिम ए आला कुदुबुद्दीन रिजवी और इमारत ए शरिया के मुफ्ती अनवर कास्मी ने ईद का चांद देखने का ऐलान किया। इससे पहले दोनों ही एदारा में बैठक की गई। बैठक में देश के अलग-अलग हिस्सों में चांद की तस्दीक के साथ ऐलान किया गया। इसके बाद रोजेदारों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इधर पुलिस प्रशासन ने ईद की नमाज को लेकर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। हरमू रोड, डोरंडा और मेन रोड में सुबह सात बजे से करीब दस बजे तक रूट डायवर्ट किया गया।
रोजेदारों के चेहरे पर खुशी
रोजेदारों के चेहरे ईद की रूहानियत से दमक रहे हैं। रोजेदार रमजान माह की इबादत और रोजे के बदले अल्लाह की तरफ से ईद के तौर पर मिले तोहफे की खुशी बांटते दिखाई दिए। वहीं रांची के बाजार मंगलवार की रात से ही गुलजार रहे। डेली मार्केट के पास लगी दुकानों पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला।
पलामू में हर्षोल्लास से मनाई जा रही ईद
पलामू जिले में मुसलमानों का सबसे बड़ा त्योहार ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। शहर व गांव की सभी मस्जिदों में ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। नमाज में हजारों मुसलमान शामिल हुए। नमाज के बाद एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी। इधर, शहर की जामा मस्जिद में नमाजियों की अत्यधिक संख्या होने के कारण सड़क पर नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मस्जिदों के इर्दगिर्द पुलिस तैनात थी। दावतों का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
खलारी कोयलांचल में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जामा मस्जिद खलारी, जेहलीटांड़ ईदगाह सहित मैकलुस्कीगंज, डकरा, धमधमिया, हुटाप, राय आदि मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिद के बाहर मेला सा दृश्य है। बच्चों से लेकर बड़ों तक एक-दूसरे से गले मिले और ईद की बधाई दी। घरों में दावत की तैयारी चल रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप