मुख्यमंत्री रघुवर दास का दावा, लोकसभा में एनडीए को मिलेंगी 400 से अधिक सीटें
Raghubar Das. झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि कांग्रेस में न नीति है, न नेता है और न नैतिकता। झाविमो के बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदिवासी मूलवासियों की स्थिति बदतर है।
रांची, जासं। राजधानी में हुए एक कार्यक्रम के दौरान सीएम रघुवर दास ने कहा किलोकसभा चुनाव में इस बार एनडीए को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी। कांग्रेस में ना नीति है, ना नेता है और ना नैतिकता है। विपक्ष की एक ही सोच है कि किसी प्रकार से मोदी को हटाओ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की 130 योजनाएं झारखंड में चल रही है लोगों को लाभ मिल रहा है। सभी को मिलकर झारखंड का विकास करना चाहिए।
सीएम ने कहा सत्ता आती-जाती रहती है। लेकिन राज्य सभी का है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का बहुत व्यापक असर पड़ रहा है। गरीबों को इससे बड़ी राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री सुकन्या योजना से बच्चियों को बहुत लाभ होगा।वहीं मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि जितना काम 14 साल में नहीं हुआ, उससे कहीं अधिक इस सरकार ने कर दिखाया है।
वहीं झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ आदिवासी मूलवासियों की स्थिति बदतर है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि योजनाएं तो बहुत सारी चलती है। लेकिन सही मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण धरातल पर उतर नहीं पाती हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस के सुखदेव भगत, बंधु तिर्की, प्रसिद्ध बॉक्सर अरुणा मिश्रा, पर्वतारोही बछेंद्री पाल के अलावा प्रसिद्ध समाजसेवी पद्मश्री अशोक भगत भी मौजूद थे।