आज काशी विश्वनाथ का दर्शन करेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
हेमंत सोरेन शुक्रवार को वाराणसी जाएंगे। वे वहां काशी विश्वनाथ का दर्शन करेंगे और गंगा घाट आरती में भाग लेंगे। शनिवार को उनका मिर्जापुर स्थित विंध्याचल मंदिर जाने का कार्यक्रम है।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को वाराणसी जाएंगे। वे वहां काशी विश्वनाथ का दर्शन करेंगे और गंगा घाट आरती में भाग लेंगे। शनिवार को उनका मिर्जापुर स्थित विंध्याचल मंदिर जाने का कार्यक्रम है। वहां-पूजा अर्चना कर वे वाराणसी होते हुए वापस लौटेंगे।
विस्थापित रैयतों का करेंगे पुनर्वास
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पतरातू थर्मल पावर स्टेशन (पीटीपीएस) के लिए जमीन देने वाले रैयतों को पुनर्वास का भरोसा दिलाया है। उन्होंने गुरुवार को अपने आवास पर मिलने आए विस्थापित परिवारों को यह भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री से रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड स्थित जयनगर, बलकुदरा और रसदा गांव के विस्थापित रैयत मिलने पहुंचे थे। रैयतों ने अपना दुख-दर्द बताया। जानकारी दी कि 500 परिवार इससे प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही इसपर कार्रवाई की जाएगी।
समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
राज्य साक्षरता कर्मी महासंघ ने साक्षर भारत कार्यक्रम के बंद होने और राज्य साक्षरता मिशन को सक्रिय करने, झारखंड महिला समाख्या सोसाइटी ने 2016 से सोसाइटी बंद होने की शिकायत, रांची नगर निगम के वाहन चालकों और सफाई कर्मियों ने और देवघर के देवीपुर प्रखंड से आए विलेज कोऑर्डिनेटर ने अपनी अपेक्षाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। होमगार्ड के लिए चयनित किए गए युवाओं ने भी मुख्यमंत्री से उन्हें जल्द प्रशिक्षण पर भेजने, कोडरमा जिले के बेलगढ़ा गांव की महिलाओं ने वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के लिए और रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड से आए बिरहोर युवकों ने नौकरी के लिए आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं के समाधान का उन्हें भरोसा दिलाया।