विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में SIR के लिए फर्जी दस्तावेज बनानेवालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की चेतावनी

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:13 PM (IST)

SIR Jharkhand: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी ...और पढ़ें

साहिबगंज में गड़बड़ी सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश।

साहिबगंज में गड़बड़ी सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश।

HighLights

  1. फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।

  2. एसआइआर के लिए नए प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता नहीं।

  3. प्रज्ञा केंद्रों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी के निर्देश।

राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को राज्य के सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों एवं प्रज्ञा केंद्रों (कॉमन सर्विस सेंटर) के प्रबंधकों के साथ आनलाइन माध्यम से बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि साहिबगंज के बड़हरवा स्थित प्रज्ञा केंद्र में पाई गई अनियमितता जैसी पुनरावृत्ति न हो।

इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि विदेशी नागरिकों के लिए फर्जी दस्तावेज करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआइआर के लिए विशेष रूप से कोई नया जाति प्रमाण-पत्र अथवा आवासीय प्रमाण-पत्र बनवाने की आवश्यकता नहीं है।

सत्यापन का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नागरिकों के पास पहले से उपलब्ध वैध दस्तावेज के आधार पर किया जाना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआइआर के सत्यापन के क्रम में सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत किया गया वैध पारिवारिक सूची/वंशावली, खतियान की प्रति एवं अन्य उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर ही आवश्यक सत्यापन किया जा सकता है।

उक्त दस्तावेज ही जाति अथवा आवासीय प्रमाण पत्र बनाने के लिए उपयोग में लाए जाते हैं। ऐसे में केवल एसआइआर के उद्देश्य से नागरिकों को अनावश्यक रूप से नए प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रेरित अथवा बाध्य नहीं किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रज्ञा केंद्रों की सेवाएं सिर्फ भारतीय नागरिकों के लिए ही होती हैं। केंद्र संचालक भारतीय नागरिकों को सही प्रक्रिया की जानकारी दें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही सेवाएं उपलब्ध कराएं।

बताते चलें कि साहिबगंज के बड़हरवा के एक प्रज्ञा केंद्र में एसआइआर के लिए फर्जी प्रमाणपत्र बनाए जाने का पुष्टि जांच में हुई है। इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित आनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं सीएससी मैनेजर उपस्थित थे।

उम्र में मैन्युपुलेशन, दस्तावेज में छेड़छाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी डेटा में किसी भी प्रकार का उम्र संबंधी मैन्युपुलेशन, अनधिकृत बदलाव अथवा छेड़छाड़ नहीं किया जाए। फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा इसमें सहयोग करने का मामला सामने आता है तो संबंधित प्रज्ञा केंद्र की भूमिका की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध भी आवश्यक नियम एवं कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों एवं प्रज्ञा केंद्र प्रबंधकों को निर्देश दिया कि इन निर्देशों से सभी प्रज्ञा केंद्रों को तत्काल अवगत कराते हुए उनकी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- SIR Jharkhand: मतदाता पंजीकरण के लिए 3.19 लाख आवेदन जमा, दावा-आपत्ति का करें त्वरित निष्पादन

यह भी पढ़ें- SIR Jharkhand: दावा-आपत्ति अवधि में 30 से अधिक आवेदन देने पर होगा क्रॉस वेरीफिकेशन