इंटरसिटी ट्रेन से सीएम रघुवर दास गए देवघर- खुद लगाया बिस्तर; देखें तस्वीरें
मंगलवार को मुख्यमंत्री कैबिनेट की बैठक में भाग लेंगे। सीएम के साथ अन्य मंत्री-मुख्य सचिव डीके तिवारी सहित कई अधिकारी भी स्पेशल बोगी से देवघर रवाना हुए।
रांची, जासं। सोमवार की रात 9:30 बजे मुख्यमंत्री रघुवर दास रांची-दुमका इंटरसिटी ट्रेन से देवघर के लिए रवाना हुए। वे वहां मंगलवार को कैबिनेट की बैठक समेत अन्य बैठकों में शामिल होंगे। रांची रेलवे स्टेशन पर उनकी एक झलक के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा के लिहाज से मुख्य द्वार के दोनों ओर जीआरपी के जवान रस्सी के सहारे घेराबंदी किए हुए थे।
ट्रेन यात्रा से बचपन की यादें जुड़ी हैं। आज फिर ट्रेन में सफर करने का अवसर प्राप्त हुआ। बुधवार को बाबानगरी देवघर में श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा के साथ कैबिनेट की मीटिंग में हिस्सा लूंगा।#ShravaniMela2019 pic.twitter.com/6D1h53bX2s
— Raghubar Das (@dasraghubar) July 8, 2019
लगभग 9:20 बजे मुख्यमंत्री रघुवर दास रांची स्टेशन पहुंचे और स्पेशल कोच में सवार हुए। ट्रेन में सवार होने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद कोच के अंदर उन्होंने स्वयं अपना बिस्तर भी लगाया। उनके साथ नगर विकास मंत्री सीपी सिंह व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी भी देवघर रवाना हुए।
मीडिया से बातचीत के क्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि वे पहली बार एसी फस्र्ट क्लास में सफर कर रहे हैं। विधायक बनने के बाद भी वे सेकेंड क्लास में ही सफर करते रहे हैं। उससे पूर्व आम यात्रियों की तरह ट्रेन में धक्कामुक्की के बीच ही सफर करते थे।
स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार संताल जा रही है। अब संताल का भी विकास होगा। विशेष ट्रेन से मुख्य सचिव डीके तिवारी, सुखदेव सिंह, नगर विकास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह, के रवि कुमार, डीजीपी केएन चौबे, एडीजी अनिल पाल्टा भी देवघर के लिए रवाना हुए।