यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jharkhand Poltics: राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुलाई कैबिनेट मीटिंग, ले सकते हैं बड़ा फैसला
Jharkhand Cabinet Meeting गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड कैबिनेट की बैठक करने जा रहे हैं। इसमें बड़ा फैसला ले ...और पढ़ें

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Political Crisis झारखंड सरकार राजनीतिक ऊहापोह की स्थिति से निपटने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र आहूत कर सकती है। इस संबंध में गुरुवार को प्रस्तावित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रस्ताव पेश किया जा सकता है। विशेष सत्र में सरकार विश्वास मत पेश करेगी। विशेष सत्र आहूत करने से राजभवन पर भी दबाव बढ़ाया जा सकता है ताकि राज्यपाल चुनाव आयोग द्वारा मुख्यमंत्री के संदर्भ में भेजे गए मंतव्य का खुलासा करें।
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व आयोग ने राजभवन को मंतव्य प्रेषित किया है, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा की सदस्यता समाप्त किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि राजभवन द्वारा आधिकारिक तौर पर इसपर कुछ नहीं स्पष्ट करने से सत्ता पक्ष की बेचैनी बढ़ती जा रही है। अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए सत्ता पक्ष ने पुरानी रणनीति अख्तियार की है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक पांच सितारा रिसार्ट में विधायकों को ठहराया गया है। सत्ता पक्ष को इस बात का डर है कि विधायकों की खरीद-फरोख्त हो सकती है।
रायपुर से लौटे पांच मंत्री, गुरुवार को कैबिनेट की बैठक
उधर, झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्रिपरिषद में शामिल चार मंत्री क्रमश: आलमगीर आलम, डा. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख बुधवार की रात वापस रांची लौट आए हैं। ये चारों मंत्री मंगलवार को रायपुर भेजे गए 31 विधायकों के दल में शामिल थे। इन मंत्रियों को लाने गए राजद कोटे के मंत्री सत्यानंद भोक्ता को मिलाकर कुल पांच मंत्री बुधवार की रात रायपुर से वापस रांची लौटे। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए सभी लौटे हैं। इसके पूर्व दोपहर में राजद कोटे से मंत्री सत्यानंद भोक्ता के साथ विधायक कांग्रेस प्रदीप यादव रायपुर पहुंचे। विशेष विमान से पहुंचे दोनों नेताओं में से एक प्रदीप यादव रायपुर में ही रुक गए।
गुरुवार शाम चार बजे होगी कैबिनेट की बैठक
प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में राज्य कैबिनेट की बैठक गुरुवार को चार बजे से होगी। इस बैठक के लिए प्रशासनिक तौर पर तमाम तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। माना जा रहा है कि सरकार अपने कई चुनावी वादों को इस कैबिनेट के माध्यम से अंतिम रूप देगी। इसकी भी संभावना है कि कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंत्रियों के साथ रायपुर जा सकते हैं।
