विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand Cabinet Meeting: झारखंड कैबिनेट की बैठक में सीएम हेमंत सोरेन लेंगे कई बड़े फैसले

By Jagran NewsEdited By: M Ekhlaque
Published: Thu, 20 Oct 2022 06:34 PM (IST)Updated: Thu, 20 Oct 2022 06:35 PM (IST)

Jharkhand Cabinet Meeting शुक्रवार को झारखंड कैबिनेट की बैठक होने वाली है। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई अहम फैसले लेंगे। ...और पढ़ें

Hemant Soren News: झारखंड कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को होने जा रही है।
Hemant Soren News: झारखंड कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को होने जा रही है।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Cabinet Meeting झारखंड कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को होने जा रही है। शाम चार बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में यह बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री कई अहम फैसलों पर अपनी सहमति दे सकते हैं। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने कहा है कि बैठक की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बैठक से सबसे ज्यादा फायदा वित्त विभाग के अनियमित कर्मचारियों को होने वाली है। उनकी नौकरी स्थाई हो सकती है।

सैकड़ों कर्मचारियों के लिए खुल जाएगा रास्ता

दीपावली के पहले होने वाली कैबिनेट की इस बैठक में लंबे समय से अनियमित कर्मचारी होने की प्रताड़ना झेल रहे सैकड़ों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर आ सकती है। वित्त विभाग ने मुख्यालय में कार्यरत सभी अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक के लिए बढ़ा दिया है। इसका लाभ विभाग के ढाई दर्जन कर्मचारियों को सीधे मिलेगा। साथ ही अन्य विभागों के कर्मचारियों के लिए भी रास्ता खुल जाएगा, जिन्हें अब तक कोर्ट का आदेश लाने के लिए कहा जाता रहा है।

नौकरी स्थाई करने का हेमंत ने किया था वादा

राज्य में जितने भी अनियमित कर्मचारी नियमित हुए हैं, उन सभी के मामले में कार्रवाई कोर्ट के आदेश से हुआ है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता संभालने के कुछ दिनों बाद ही अनियमित कर्मियों और संविदा कर्मियों को नियमित करने की बात कही थी। इसी आलोक में कार्मिक विभाग एवं वित्त विभाग की संयुक्त कमेटी का गठन हुआ था। कमेटी ने पूर्व में प्राप्त सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के आधार पर अनुशंसा की और इसी कमेटी की अनुशंसा पर कर्मियों को नियमित किए जाने की तैयारी है।

दो दर्जन प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना

अभी मुख्यालय स्थापना के चार कर्मचारी, कोषागार अथवा उप कोषागार में कार्यरत 20 डाटा एंट्री आपरेटर और एक अनुसेवक, सांस्थिक वित्त प्रभाग में कार्यरत दो कर्मचारियों और भविष्य निधि निदेशालय के दो कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। राज्य कैबिनेट की बैठक में इसके साथ-साथ दो दर्जन के करीब प्रस्ताव और भी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

शुक्रवार को होगी हेमंत कैबिनेट की बैठक

मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने सभी संबंधित विभागों को कैबिनेट की बैठक को लेकर सूचित किया है। भेजे गए संदेश के अनुसार कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को मंत्रालय भवन में शाम चार बजे से होगी। इस सूचना के साथ ही विभिन्न विभागों से कैबिनेट बैठक को लेकर प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है।