Move to Jagran APP

Jharkhand by Election: भाजपा में दुमका के लिए 6 और बेरमो के लिए 16 ने पेश की दावेदारी

Jharkhand by Election भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ। प्रत्याशी चयन के लिए दीपक प्रकाश और बाबूलाल अधिकृत किए गए। इसके बाद अंतिम रूप से प्रत्याशियों की घोषणा शीर्ष नेतृत्व के स्तर से की जाएगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sat, 03 Oct 2020 08:33 AM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2020 09:11 AM (IST)
Jharkhand by Election: भाजपा में दुमका के लिए 6 और बेरमो के लिए 16 ने पेश की दावेदारी
भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

रांची, राज्य ब्यूरो। प्रदेश भाजपा ने दुमका और बेरमो उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी में बेरमो के लिए 16 और दुमका सीट के लिए छह नेताओं ने उम्मीदवार के तौर पर अपनी दावेदारी पेश की है। प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाने की जवाबदेही प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को सौंपी गई है। शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई चुनाव समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।

loksabha election banner

प्रदेश के ये तीनों नेता दोनों सीटों के लिए उपयुक्त उम्मीदवारों के पैनल का चयन कर उसकी सूची केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। इसके बाद अंतिम रूप से प्रत्याशियों की घोषणा शीर्ष नेतृत्व के स्तर से की जाएगी। प्रदेश भाजपा में संगठन के स्तर पर प्रत्याशी चयन की इसी प्रक्रिया का पालन किया जाता है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपचुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के स्तर से सौंपे गए बायोडाटा पर फौरी तौर पर चर्चा की गई।

दुमका से पूर्व मंत्री लुइस मरांडी के अलावा प्रबल दावेदार के रूप में रमेश हांसदा का नाम सामने आ रहा है। वहीं, बेरमो से पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय और पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल की दावेदारी अपेक्षाकृत अधिक मजबूत मानी जा रही है। प्रदेश कार्यालय में हुई इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद सुनील सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, रवींद्र राय, सांसद सुदर्शन भगत, केदार हाजरा, राकेश प्रसाद व आरती सिंह उपस्थित थे। वहीं, नई दिल्ली से राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ऑनलाइन जुड़े।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुनील सिंह ने दोनों ही सीटों पर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी भाजपा ने पूर्व में दोनों ही सीटों पर जीत हासिल की है। पूर्व में भाजपा ने दुमका में मुख्यमंत्री रहते हुए हेमंत सोरेन के अलावा शिबू सोरेन को भी अलग-अलग समय में हराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार के कारनामों से तंग आ चुकी है। भाजपा उपचुनाव में सरकार की नाकामियों को जनता के बीच उजागर करेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.