Move to Jagran APP

भाजपा बोली, झारखंड सरकार को लागू करना ही होगा CAA

Jharkhand BJP. सीएए पर जनता का भ्रम दूर करने के लिए भाजपा अभियान चलाएगी। रविवार को नागरिकता संशोधन कानून पर भाजपा की कार्यशाला का आयोजन है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sat, 04 Jan 2020 07:06 PM (IST)Updated: Sat, 04 Jan 2020 10:14 PM (IST)
भाजपा बोली, झारखंड सरकार को लागू करना ही होगा CAA
भाजपा बोली, झारखंड सरकार को लागू करना ही होगा CAA

रांची, राज्य ब्यूरो। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर देश भर में छिड़ी बहस के बीच भाजपा ने कहा कि राज्य सरकार को झारखंड में सीएए को लागू करना ही होगा। शनिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि यह अधिनियम बहुमत के साथ संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ है। अब यह भारत के कानून का हिस्सा बन चुका है। राज्य सरकारें इससे पीछे नहीं हट सकतीं।

loksabha election banner

झारखंड या देश के अन्य राज्यों के  मुख्यमंत्री गैर संवैधानिक काम नहीं कर सकते। दीपक प्रकाश ने कहा कि सीएए का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा करनेवाले संविधान का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नागरिकता संशोधन अधिनियम की सच्चाई को बताने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारम्भ किया है। विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को दूर करने के लिए पार्टी ने जन-जन तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जाने का निर्णय लिया है।

प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस, वामपंथी सहित सभी विपक्षी पार्टियां लोगों को गुमराह करने में जुटी हुई हैं। स्पष्ट किया कि यह कानून पाकिस्तान, बांग्लादेश एवं अफगानिस्तान से आए हिंदू, बौद्ध, जैन, ईसाई, सिख, पारसी समुदाय के धार्मिक दृष्टि से प्रताडि़त वैसे शरणार्थियों के लिए है, जो वर्षों से भारत मे रह रहे है, परंतु विपक्ष इसे मुस्लिम विरोधी बताकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा है। इस मौके पर प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड़्डू, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

सीएए को लेकर भाजपा की कार्यशाला आज

नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रम की स्थिति को दूर करने के लिए भाजपा ने जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में पार्टी के स्तर से देश के अन्य हिस्सों की तरह राज्यभर में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसकी जवाबदेही सांसदों, नवनिर्वाचित विधायकों के साथ-साथ पार्टी के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी।

इन सभी को सीएए की विस्तृत जानकारी देने के लिए रविवार को एक कार्यशाला का भी आयोजन किया गया है। दीपक प्रकाश ने कहा कि रविवार को 11:00 बजे से होने वाली कार्यशाला में केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय विशेष रूप में उपस्थित होकर मार्गदर्शन करेंगे। 02:30 बजे हरमू और अरगोड़ा मंडल में महेंद्र पांडेय द्वारा जनसंपर्क अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष पर संशय बरकरार, भाजपा बोली- समय पर लेंगे उचित निर्णय

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष के नाम को लेकर संशय अब तक बरकरार है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी समय आने पर उचित निर्णय लेगी। पार्टी विधायक दल के नेता का नाम भी तय करेगी, जो विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएगा। सरकार के नकारात्मक कार्यों का विरोध भी करेगा। यह पूछने पर कि क्या रविवार को होने वाली बैठक में विधायक दल के नेता के नाम पर सहमति बन सकती है, उन्होंने कहा कि उस बैठक का एजेंडा अलग है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.