भाजपा का आरोप, सोरेन परिवार ने किया CNT-SPT एक्ट का सबसे अधिक उल्लंघन
प्रदेश भाजपा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन से कई मुद्दों पर स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि झामुमो के कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल को लेकर हेमंत अपना रुख स्पष्ट करें।
रांची, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा और झामुमो के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। हेमंत सोरेन के लीगल नोटिस पर पलटवार करने के बाद भाजपा ने एक बार फिर सीएनटी-एसपीटी एक्ट के उल्लंघन को लेकर हेमंत सोरेन पर हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर हेमंत से जुड़े मामले बिंदुवार उठाए। नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन और रवि केजरीवाल के व्यावसायिक रिश्तों पर भी सवाल उठाया।
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य में सीएनटी-एसपीटी एक्ट का सबसे अधिक उल्लंघन सोरेन परिवार ने किया है। कहा, गोला के रहने वाले हेमंत बताएं कि उन्होंने झारखंड के अलग-अलग जिलों में जो जमीन खरीदी है, उसकी वास्तविक कीमत क्या है। प्रतुल ने सोरेन परिवार द्वारा खरीदी गई संपत्ति का ब्योरा भी पेश किया। कहा, हेमंत सोरेन ने पूरे राज्य में जो जमीन खरीदी है और संपत्ति बनाई है, उसकी जांच के लिए जल्द ही सक्षम प्राधिकार के पास आवेदन दिया जाएगा।
साथ ही, सोरेन परिवार की संपत्ति की जांच भी की जाएगी। प्रतुल ने कहा कि झामुमो के कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल को लेकर भी हेमंत सोरेन को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। रवि केजरीवाल की कई बेनामी कंपनियां हैं। इसमें कितना पैसा लगा हुआ है, यह जांच के दायरे में है। 32 'शेल' कंपनियों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से किसकी भागीदारी है।
इसकी पूर्व में भी शिकायत कई स्तर से की गई है। प्रतुल ने बालू घाटों की नीलामी समेत कई मामलों को उठाया। कहा, झारखंड की अस्मिता को तीन करोड़ में दिल्ली में बेचने का काम झामुमो ने किया था या नहीं, हेमंत सोरेन यह बताएं। अलग राज्य आंदोलन को बेचने का कलंक झामुमो के माथे पर है या नहीं? इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ला और दीनदयाल वर्णवाल भी मौजूद थे।