CAA के समर्थन में माहौल बनाने में जुटी भाजपा, सभी जिलों में चलाया जन-जागरण अभियान
Jharkhand. स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राज्य के सभी जिलों में सीएए के समर्थन में आयोजित हुए कई कार्यक्रम। सोमवार को रांची में मानव शृंखला बनाई जाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर पूरे देश में दिख रहे टकराव के बीच झारखंड में भाजपा इस कानून के समर्थन में माहौल बनाने में जुटी है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आम जनता के बीच पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ता उन्हें इस कानून से जुड़े हर पहलू की जानकारी से अवगत कराने का प्रयास कर रहे हैं। इस क्रम में रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर राज्य के सभी जिलों में जन-जागरण अभियान चलाया गया।
सोमवार को रांची में मानव शृंखला बनाई जाएगी, जबकि 15 से 20 जनवरी के बीच राज्य के सभी प्रमंडलों में रैली का आयोजन किया जाएगा। इन रैलियों में केंद्रीय मंत्रियों के भी भाग लेेने की बात कही जा रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने राज्य भर में सीएए के समर्थन में हो रहे आयोजनों पर कहा कि हमें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। आज सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में आम लोगों ने भी अपनी सहभागिता दिखाई।
उन्होंने कहा कि 15 से 20 जनवरी के बीच रांची, पलामू, धनबाद, दुमका और जमशेदपुर में प्रमंडलीय स्तरीय मेगा रैली का आयोजन होगा। इधर, रविवार को भाजयुमो के नेतृत्व में रांची में कई स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का भी आयोजन किया गया। सोमवार को रांची के कचहरी चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक सीएए के समर्थन में मानव शृंखला बनाई जाएगी। भाजयुमो के संजय पोद्दार ने बताया कि इस मौके पर रांची के सांसद, सभी विधायक, मेयर-डिप्टी मेयर और प्रदेश के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।