गांव के हर घर में WiFi, ई-लाइब्रेरी और CCTV कैमरे; बेंगलुरु से नौकरी छोड़ झारखंड लौटे इंजीनियर ने बदली तस्वीर
बोकारो के भंडरो गांव को इंजीनियर दयामय महतो ने वाई-फाई, सीसीटीवी और ई-लाइब्रेरी से लैस कर डिजिटल बना दिया है।

engineer Dayamay Mahto। photo jagran
HighLights
इंजीनियर दयामय महतो ने अपने गांव भंडरो को डिजिटल बनाया।
पूरे गांव में वाई-फाई नेटवर्क और 30 सीसीटीवी कैमरे लगे।
छात्रों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण और ई-लाइब्रेरी की सुविधा।
जागरण संवाददाता, रांची। बोकारो जिला अंतर्गत चास प्रखंड का भंडरो गांव इन दिनों डिजिटल सुविधाओं से लैस होकर सुर्खियों में है। यह गांव डिजिटल सुविधाओं से जुड़कर ग्रामीण क्षेत्र में नई मिसाल पेश कर रहा है।
गांव के इंजीनियर दयामय महतो की पहल से पूरे गांव को वाई-फाई नेटवर्क से जोड़ा गया है। गांव के चप्पे-चप्पे पर वाई-फाई सिग्नल उपलब्ध है। प्रारंभिक परीक्षण के तौर पर शुरू की गई इस व्यवस्था से करीब 30 सीसीटीवी कैमरे जुड़े हैं।
वहीं, लगभग 60 छात्र-छात्राएं मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा के साथ इंटरनेट की अन्य सुविधाओं का उपयोग कर रहे हैं। 100 से अधिक ग्रामीण भी इस नेटवर्क से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। दयामय महतो पेशे से इंजीनियर हैं।
गांव लौटने से पहले उन्होंने बेंगलुरु और मुंबई की विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों में करीब 10 वर्षों तक काम किया। वर्तमान में वह चास-बोकारो क्षेत्र में इंटरनेट ब्राडबैंड सेवा उपलब्ध कराने वाली कंपनी आइबेक्स नेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं और गांव में वाई-फाई नेटवर्क सर्विस देने के लिए स्वयं की कंपनी डिनी-नेट के सीईओ और फाउंडर हैं।
ई-लाइब्रेरी में कंप्यूटर प्रशिक्षण की फ्री व्यवस्था
गांव के विद्यार्थियों को कंप्यूटर और स्कूली शिक्षा में मदद देने के उद्देश्य से दयामय महतो ने अपने आवास पर 10 कंप्यूटर का प्रशिक्षण केंद्र सह ई-लाइब्रेरी भी स्थापित की है। यहां विद्यार्थियों को निश्शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण और अध्ययन की सुविधा दी जा रही है। उनका उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उन्हें आधुनिक तकनीक के उपयोग के लिए सक्षम बनाना है।
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और डॉ. लंबोदर महतो ने किया नेटवर्क सिस्टम का निरीक्षण
इंजीनियर दयामय महतो की इस पहल की जानकारी मिलने पर आजसू पार्टी के प्रमुख सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो भंडरो गांव पहुंचे।
उन्होंने दयामय महतो के आवास पर स्थापित वाई-फाई नेटवर्क सिस्टम और आधुनिक उपकरणों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गांव का भ्रमण कर नेटवर्क की उपलब्धता और गुणवत्ता की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर वाई-फाई सेवा से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि गांव के इंजीनियर बेटे ने यह पहल की है, जो कि सराहनीय है और यही सेवाभाव सभी लोगों में हो तो बेशक हमारा ग्रामीण क्षेत्र भी चमकेगा।
वहीं, आजसू नेता डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि दयामय महतो की इस पहल से हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई करने में सहुलियत होगी।
यह पहल अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में यदि हो तो राज्य की सूरत बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है।
ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा
सुदेश महतो ने दयामय महतो से डिनी-नेट की वाई-फाई सेवा को अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार देने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक आधारित पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सुरक्षा और सूचना के क्षेत्र में बदलाव के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से तकनीक आधारित पहल से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- झारखंड की एयरफोर्स डॉक्टर का NEET PG 2026 में जलवा, AIR-2 हासिल कर देश की टॉपर बनीं पल्लाक्षी
