अलकायदा के आतंकी जीशान को लाने दिल्ली पहुंची झारखंड एटीएस
जीशान पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाने में पूर्व इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जागरण संवाददाता, रांची। दिल्ली में गिरफ्तार अलकायदा के संदिग्ध आतंकी सैयद मोहम्मद जीशान अली को लाने के लिए झारखंड का आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) दिल्ली पहुंच गया है। एटीएस के एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। दिल्ली में जीशान से पूछताछ की जा रही है।
झारखंड एटीएस की टीम जीशान को लेकर दिल्ली की स्पेशल टीम के साथ रांची आएगी, जहां से उसे जमशेदपुर भी ले जाया जाएगा। जीशान पर जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाने में पूर्व इंस्पेक्टर जीतेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें जीशान के अलावा अब्दुल सामी, अब्दुल रहमान कटकी, बिष्टुपुर धतकीडीह के रज्जाक कॉलोनी निवासी अकरम शेख व मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी नसीम अख्तर के खिलाफ देशद्रोह की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
जीशान की गिरफ्तारी के बाद एटीएस की टीम जमशेदपुर में उसके पिता रकीबुल हैदर से भी पूछताछ कर चुकी है। पिता के अनुसार 2008 में ही उनका बड़ा बेटा जीशान और छोटा बेटा आशियान बाहर चले गए थे, जो नहीं लौटे। पुणे में पढ़ाई के बाद किसी कंपनी में नौकरी होने पर जीशान सऊदी अरब चला गया था। इसके बाद उसने क्या किया, उन्हें नहीं पता।
यह भी पढ़ेंः झारखंड में जबरन धर्मांतरण पर जेल, जुर्माना भी
यह भी पढ़ेंः कैग रिपोर्ट: झारखंड सरकार के पास 5471 करोड़ का हिसाब नहीं