विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड ATS की गिरफ्त में आए कुख्यात अमन साव के गुर्गे चंदन सहित 3 आरोपी, न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

By Jagran NewsEdited By: Yashodhan Sharma
Published: Tue, 18 Jul 2023 11:24 PM (IST)

झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने कुख्यात अपराधी अमन साव के गुर्गे चंदन साव सहित तीन अपराधियों को ...और पढ़ें

झारखंड ATS की गिरफ्त में आए कुख्यात अमन साव के गुर्गे चंदन सहित 3 आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
झारखंड ATS की गिरफ्त में आए कुख्यात अमन साव के गुर्गे चंदन सहित 3 आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

HighLights

  1. ATS ने कुख्यात अपराधी अमन साव के गुर्गे चंदन साव सहित तीन अपराधियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
  2. एटीएस ने अपने एटीएस थाने में 17 जुलाई को कांड संख्या 06/2023 दर्ज किया है।
  3. चंदन साव अमन साव गिरोह का शार्प शूटर है, जो 8 मामलों में आरोपी है।

राज्य ब्यूरो, रांची: झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने कुख्यात अपराधी अमन साव के गुर्गे चंदन साव सहित तीन अपराधियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों में चंदन साव के अलावा रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के सांकुल गांव का रहने वाला वारीश अंसारी व रामगढ़ के मांडू थाना क्षेत्र के कुज्जू ट्रांसपोर्ट नगर निवासी सोनू कुमार शामिल हैं। गिरफ्तार चंदन साव एक दिन पहले एटीएस के साथ मुठभेड़ में भाग गया था।

17 जुलाई को दर्ज हुआ मामला

इस मुठभेड़ में एटीएस के डीएसपी नीरज कुमार व उनकी टीम के एक दारोगा सोनू साहू जख्मी हो गए थे। इस मामले में एटीएस ने अपने एटीएस थाने में 17 जुलाई को कांड संख्या 06/2023 दर्ज किया है। तीनों ही आरोपितों को कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एटीएस ने छानबीन में पाया है कि गिरफ्तार तीनों ही अपराधी गैंगस्टर अमन साहू उर्फ अमन साव के नाम पर कोल कंपनियों के अधिकारियों व अन्य व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी के रूप में उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

एटीएस ने जारी बयान में कहा है कि राज्य में सक्रिय संगठित अपराधकर्मियों के विरुद्ध एटीएस की कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी। संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधियों व उन्हें शरण देने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अमन साव गिरोह का शार्प शूटर है चंदन

गिरफ्तार चंदन साव अमन साव गिरोह का शार्प शूटर है। वह मूल रूप से रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के शाह टोला सांकुल का रहने वाला है।

एटीएस को हजारीबाग के बड़कागांव में ऋत्विक कंपनी के पदाधिकारी की हत्या व रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में फायरिंग के मामले में उसकी तलाश थी।

8 मामलों में है आरोपी

एटीएस ने उसे रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित दड़दाग गांव से गिरफ्तार किया है। उसपर रामगढ़, हजारीबाग व लातेहार में आठ मामले दर्ज हैं। उसके पास से एटीएस ने एक रिवॉल्वर, पांच कारतूस, चार मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं गिरफ्तार वारीश विभिन्न थानों के तीन कांडों में आरोपित व दो कांडों में वांछित था। उसके पास से एटीएस ने एक देसी पिस्टल, दो कारतूस, एक मोबाइल व एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, तीसरे आरोपित सोनू कुमार के पास से दो मोबाइल बरामद किये हैं।