विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड के सहायक आचार्यों को जल्द मिलेगा वेतन, शपथ पत्र लेकर शुरू हुई प्रक्रिया

Published: Sat, 27 Jun 2026 11:13 PM (IST)

झारखंड के सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में नवनियुक्त सहायक आचार्यों को अगले माह से वेतन मिलने की उम्मीद है, जो प्रमाणपत्र सत्यापन में देरी के कारण सात माह से रुका था।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. नवनियुक्त सहायक आचार्यों को अगले माह से वेतन।

  2. प्रमाणपत्र सत्यापन के कारण सात माह से रुका था।

  3. मुख्यमंत्री के निर्देश पर शपथ पत्र लेकर भुगतान।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के सरकारी प्रारंभिक विद्यालयों में नवनियुक्त सहायक आचार्यों को अगले माह से वेतन मिलने की उम्मीद है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर अधिसंख्य जिलों में इन शिक्षकों से शपथ पत्र तो ले लिए गए हैं, लेकिन वेतन भुगतान की प्रक्रिया अभी चल ही रही है।

कहीं जीपीएफ को लेकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है तो कहीं अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। कुछ जिलों में शपथपत्र लेने की प्रक्रिया अभी जारी है। ऐसे में इन शिक्षकों का वेतन भुगतान अगले माह से ही शुरू होने की संभावना है।

इन नवनियुक्त शिक्षकों का नियुक्ति के सात माह बीत जाने के बाद भी वेतन मिलना इसलिए शुरू नहीं हुआ था, क्योंकि इनके प्रमाणपत्रों का सत्यापन विभिन्न बोर्ड में लंबित था।

इनका वेतन भुगतान नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से कहा कि प्रमाणपत्रों का सत्यापन नहीं होने के कारण उनका वेतन रोका नहीं जा सकता।

इसके बाद विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधीक्षकों को पत्र भेजकर शिक्षकों से यह शपथपत्र लेकर वेतन भुगतान करने के निर्देश दिए कि सत्यापन में उनके प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने पर न केवल उनकी सेवा समाप्त की जाएगी, बल्कि वेतन की वसूली भी होगी।

किस जिले में किस स्तर पर है वेतन भुगतान की प्रक्रिया

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश की जिलावार अनुपालन की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम में सभी शिक्षकों से शपथपत्र ले लिया गया है। वेतन का आदेश शनिवार को जारी हुआ। धनबाद में सभी शिक्षकों से शपथपत्र ले लिया गया है।

साथ ही तीन महीने का आवंटन भी जारी हुआ है। यहां अगले 10 दिनों के भीतर शिक्षकों के बैंक खाते में वेतन जाने की बात कही गई है। पलामू में सभी 863 शिक्षकों से शपथ पत्र लिया गया है। वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू की गई है।

साहिबगंज जिले में नियुक्त 179 सहायक आचार्यों में 80 के प्रमाणपत्रों का ही सत्यापन अभी तक हुआ है। शेष को शपथ पत्र देने को कहा गया है। जिन शिक्षकों ने शपथ पत्र दे दिया है, उनके वेतन भुगतान का आदेश कोषागार को भेज दिया गया है।

यहां जीपीएफ प्रक्रिया में कुछ देरी हो रही है। गढ़वा जिले में कुल 420 सहायक आचार्य कार्यरत हैं। यहां सभी से शपथ पत्र लेकर वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

लातेहार जिले में नवनियुक्त सहायक आचार्यों से शपथ पत्र लिए जाने की प्रक्रिया अभी चल ही रही है। यहां जुलाई माह तक सभी पात्र सहायक आचार्यों को वेतन भुगतान कर दिए जाने की संभावना है।

गुमला में 306 सहायक आचार्य कार्यरत हैं। यहां भी शपथपत्र लिए जा रहे हैं। रांची के अनगड़ा प्रखंड के शिक्षकों को एक माह का वेतन मिला है, जबकि अन्य प्रखंडों के शिक्षकों को तीन-तीन माह का वेतन मिला है।

वहीं, बुढ़मू के 41, खलारी के 22, सोनाहातु के 57 और नामकुम प्रखंड के 34 शिक्षकों को वेतन नहीं मिला है। डीएसई ने इसके लिए विभाग से आवंटन मांगा है।

गिरिडीह के जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज ने बताया कि सहायक आचार्यों को वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके लिए सभी का अभी जीपीएफ एकाउंट खोला जा रहा है। इसके बाद सभी से शपथ पत्र लिया जाएगा।

लोहरदगा जिला की बात करें तो यहां कुल 122 सहायक आचार्य की नियुक्ति हुई थी, जिनमें से सभी से शपथ पत्र ले लिया गया है। वेतन भुगतान की प्रक्रिया चल रही है।

कोडरमा में सभी 22 सहायक आचार्य से शपथ पत्र लिया गया है, लेकिन एक भी शिक्षक को वेतन नहीं मिला है। पाकुड़ में शपथ पत्र जमा होने के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। अभी तक किसी का वेतन भुगतान नहीं हुआ है।

दुमका में शपथ पत्र जमा कराया जा रहा है। वेतन भुगतान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन अभी भुगतान नहीं हुआ है। जामताड़ा में प्रमाणपत्रों की जांच के बाद 16 सहायक आचार्य को नियमित वेतन भुगतान हो रहा है, जबकि 112 सहायक आचार्य ने शपथ पत्र जमा किया है, जिनके वेतन भुगतान के निर्देश जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से दिए गए हैं।

शेष 107 सहायक आचार्य के द्वारा शपथ पत्र जमा नहीं किया है। शपथपत्र जमा करने पर उनके वेतन भुगतान का निर्देश जारी किया जाएगा। चतरा जिले में भी जुलाई से भुगतान शुरू होने की संभावना है।

बोकारो में नियुक्त 335 सहायक आचार्यों के वेतन भुगतान से पूर्व कागजों की जांच चल रही है। जिला शिक्षा अधीक्षक के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने पर अगले सप्ताह तक वेतन भुगतान संभव है।