'जंगली हाथी से लोग परेशान हैं हुजूर'
रांची : झारखंड का राजकीय पशु हाथी कई इलाकों में परेशानी का सबब बना हुआ है। शुक्रवार को
रांची : झारखंड का राजकीय पशु हाथी कई इलाकों में परेशानी का सबब बना हुआ है। शुक्रवार को विधानसभा की पहली पाली में इसकी गूंज भी सुनाई पड़ी। कई विधायकों ने अपनी पीड़ा से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराते हुए सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई। विधायक कुणाल षाडंगी ने सबसे पहले इससे संबंधित सूचना दी। उन्होंने बताया कि बहरागोड़ा में जंगली हाथियों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। साहिबगंज में भी हाथियों के तांडव की जानकारी विधायक अनंत कुमार ओझा ने दी। शिवशंकर उरांव ने गुमला और उसके आसपास के क्षेत्रों में इससे हो रहे नुकसान का जिक्र किया। गुहार लगाई कि सरकार मुआवजा और राहत सुनिश्चित करे।
योगेंद्र महतो ने नीट की परीक्षा का मामला उठाया। मंत्री ने कार्रवाई का भरोसा दिया। नवीन जायसवाल एयरपोर्ट के पास आर्मी द्वारा जमीन घेरने को लेकर क्षुब्ध थे। कहा, बार-बार आर्मी रोड घेरती है। इससे रोड जाम होता है। भानु प्रताप शाही ने गढ़वा में बालू घाट पर मारे गए चार लोगों का मामला उठाया। कहा, सरकार ने दो-दो लाख रुपये मुआवजे का एलान किया था लेकिन अभी तक एक पैसा नहीं मिला है। निर्भय शाहाबादी ने गिरिडीह के पीरटांड में मारे गए मोतीलाल बास्की का मामले उठाते हुए कहा कि पुलिस ने उसकी हत्या कर नक्सली करार दे दिया। यह गलत है। सरकार इसकी जांच कराएं। शाहाबादी रौ में गलत नाम बोल गए थे। इस ओर नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने उनका ध्यान दिलाया।
-----
जमीन रजिस्ट्री बंद होने का भी मामला उठा :
मनीष जायसवाल ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने का मामला उठाया। यह भी जानकारी दी कि जिला परिवहन कार्यालय का भी यही हाल है। आनलाइन कामकाज में दिक्कतें आ रही है।
----