'चुनाव बाद झारखंड में फिर से...', मंच से CM हेमंत ने कर दी एक और भविष्यवाणी; BJP के लिए कह दी टेंशन बढ़ाने वाली बात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार बनते ही गिराने का प्रयास शुरू हुआ। उन्होंने भाजपा की नीतियों की आलोचना की और कहा कि वे जाति धर्म और संप्रदाय के आधार पर बांटने की राजनीति कर रहे हैं। सोरेन ने दावा किया कि चुनाव बाद झारखंड में फिर से उनकी सरकार बनने जा रही है।
जागरण टीम, बोआरीजोर/उधवा/पाकुड़िया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र बेरहेट के तहत आने वाले गोड्डा जिले के बोआरीजोर समेत राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा और महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के पाकुड़िया में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने भाजपा को खूब खरी-खोटी सुनाई और जनता को सावधान किया। कहा-प्रदेश में झामुमो की सरकार बनते ही गिराने का प्रयास शुरू कर दिया गया। भाजपा ने झूठे केस में मुझे जेल भेजा। चुनाव में जनता इस अपमान का बदला लेगी।
सोरेन ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि एनडीए गठबंधन को कोई मुद्दा नहीं मिला तो जाति, धर्म तथा संप्रदाय की बात कर बांटने की राजनीति की जा रही है। घुसपैठियों को मुद्दा बनाकर राजनीति कर रही है। असम के नेता यहां घुसपैठ कर रहे हैं। असम में बांग्लादेशी-बांग्लादेशी कहते-कहते हार गए तो झारखंड में राजनीति करने आ गए।
उसके नेता रोटी, बेटी और माटी की बात करते हैं- हेमंत
उन्होंने कहा कि एक आदिवासी बेटे को हराने के लिए भाजपा ने प्रधानमंत्री से लेकर कई मुख्यमंत्री को उतार दिया है। उसके नेता रोटी, बेटी और माटी की बात करते हैं लेकिन मणिपुर में आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव बाद झारखंड में फिर से उनकी सरकार बनने जा रही है। सभी बहनों के खाते में एक लाख की राशि भेजी जाएगी। उनकी सरकार ने जनता का पुराना बिजली बिल माफ कर दिया। मंईयां सम्मान और सर्वजन पेंशन से गांव के बुजुर्ग और बहनों की आर्थिक दशा सुधर रही है।
सोरेन ने कहा कि भारत के गृहमंत्री दिल्ली में बिरसा मुंडा की मूर्ति लगाते हैं और झारखंड में उद्योग के नाम पर आदिवासियों की जमीन हड़पने का काम करते हैं। झारखंड के हिस्से का एक लाख 36 हजार करोड़ रोक कर रखा है। मांगने पर मुझे जेल में डाल दिया।
हर गरीब के खाते में भेज जाएंगे सालाना एक लाख : हेमंत
उधर, पाकुड़ में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पाकुड़िया यज्ञ मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य में दोबारा गठबंधन की सरकार बनी तो हर गरीब के खाते में अगले पांच साल तक सालाना एक-एक लाख रुपये भेजे जाएंगे और दिसंबर माह से मंइयां योजना के तहत 2500 रुपये भेजी जाएगी। झामुमो हर मां-बहन को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने को वे प्रतिबद्ध हैं।
इस दिशा में वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में उनकी सरकार ने बेहतर कार्य किया। आपदा में भी झारखंड सरकार ने प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाया। बस, ट्रेन और हवाई जहाज से उन्हें सुरक्षित झारखंड लाया गया।
इस बार गठबंधन के उम्मीदवार झामुमो प्रत्याशी प्रो स्टीफन मरांडी को वोट देकर विजयी बनाएं। हेमंत ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में सबसे अधिक भाजपा ने शासन किया परंतु गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया। मंच का संचालन झामुमो जिलाध्यक्ष श्याम यादव ने किया।
मौके पर युवा नेत्री उपासना मरांडी, जिप अध्यक्ष जुली क्रिष्ठमणि हेंब्रम जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, कांग्रेस सचिव देवीलाल मुर्मू , मैनुद्दीन अंसारी, अशोक भगत सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें-
शुरू से BJP के साथ मिले थे चंपई, पप्पू यादव ने किया चौंकाने वाला खुलासा; पूछा- कितने पैसे मिले?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।