Jharkhand Assembly Election 2019: समय से पहले हो सकते हैं झारखंड विधानसभा चुनाव; जानिए वजह
Jharkhand Assembly Election 2019. संभव है कि महाराष्ट्र व हरियाणा के साथ ही झारखंड में भी विधानसभा चुनाव कराए जाएं। इसके लिए राज्य सरकार भी मानसिक रूप से तकरीबन तैयार है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - झारखंड में विधानसभा चुनाव निर्धारित अवधि से कुछ पहले हो सकते हैं। कोशिश इस बात की होगी कि महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ ही झारखंड में भी विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवंबर को पूरा हो रहा है, जबकि महाराष्ट्र का 11 नवंबर को। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2020 को समाप्त हो रहा है।
समय से पहले चुनाव की स्थिति में झारखंड में सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है, जबकि नवंबर तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव के एक से डेढ़ माह के बाद झारखंड में अलग से चुनाव कराने का कोई औचित्य नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में तीनों राज्यों के चुनाव एक साथ कराने पर सहमति बन सकती है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की पक्षधर केंद्र सरकार को भी आयोग के इस प्रस्ताव पर कोई असहमति नहीं होगी। राज्य सरकार भी मानसिक रूप से नवंबर में चुनाव के लिए तकरीबन तैयार हो चुकी है।
यही वजह है कि तमाम अहम योजनाओं को सितंबर तक पूरी करने की मियाद राज्य सरकार ने तय की है। भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दलों को भी समय से पूर्व चुनाव का अंदेशा है। राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज हो गईं। भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान के बहाने मतदाताओं तक पहुंचना भी शुरू कर दिया है। विपक्षी दलों में झामुमो की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गईं हैं। हां, कांग्रेस और झाविमो जरूर कुछ शिथिल नजर आ रही है।
अगस्त व सितंबर में प्रधानमंत्री का होगा दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त व सितंबर में झारखंड का दौरा करेंगे। वे अगस्त में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना व अन्य योजनाओं के शुभारंभ के सिलसिले से झारखंड आएंगे, जबकि सितंबर में साहिबगंज मल्टीमॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री के झारखंड आगमन को लेकर तिथि की अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पीएम के अगस्त व सितंबर के संभावित दौरे से भी यह स्पष्ट हो रहा है कि झारखंड में चुनाव समय से पूर्व हो सकते हैं।
तीनों राज्यों की विधानसभा के कार्यकाल की समाप्ति का समय
- हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 02 नवंबर 2019 को पूरा हो रहा है
- महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 11 नवंबर 2019 को होगा पूरा।
- झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 05 जनवरी 2020 तक।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप