विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Nepal House में क्यों बुलाई गई आपात बैठक? केंद्रीय कृषि मंत्री के दौरे से पहले शिल्पी नेहा तिर्की ने कसा अफसरों पर शिकंजा

Published: Wed, 07 Oct 2026 09:30 PM (IST)

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगामी रांची दौरे से पहले झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने नेपाल हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के रांची दौरे से पहले नेपाल हाउस में समीक्षा बैठक करतीं राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की व कृषि विभाग के अधिकारी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के रांची दौरे से पहले नेपाल हाउस में समीक्षा बैठक करतीं राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की व कृषि विभाग के अधिकारी।

HighLights

  1. केंद्रीय कृषि मंत्री के दौरे से पहले उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक।

  2. केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति का जायजा।

  3. किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर।

राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगामी रांची दौरे को देखते हुए झारखंड का कृषि विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। 
 
दौरे की तैयारियों और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने नेपाल हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
 
बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, किसानों तक उनकी पहुंच और आवंटित बजट के समयबद्ध तथा प्रभावी उपयोग पर विस्तार से मंथन किया गया।
 

योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याएं चिह्नित 

समीक्षा बैठक के दौरान केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक और जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से चिह्नित किया गया। 
 
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान और झारखंड की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप योजनाओं को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष आवश्यक सुझाव रखे जाएंगे।
 
उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और स्वीकृत राशि का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
 

इन प्रमुख योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा 

बैठक के दौरान राज्य में चल रही दर्जनों केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: 
  • राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं डीपीआर आधारित योजनाएं
  • प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और रेनफेड एरिया डेवलपमेंट
  • सॉयल हेल्थ एंड फर्टिलिटी, एग्रो फॉरेस्ट्री और डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन
  • राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन तथा राष्ट्रीय खाद्य तेलहन मिशन
  • सीड्स एंड प्लांटिंग मटेरियल एवं दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन
 

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद 

कृषि मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ राज्य के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण समुदाय तक पहुंचे।
 
इस बैठक में विभागीय सचिव अबूबकर सिद्दीख पी., विशेष सचिव गोपालजी तिवारी, कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज, निदेशक उद्यान, निदेशक पशुपालन, निदेशक गव्य, निदेशक भूमि संरक्षण और निदेशक समेति सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।