खूंटी के तोरपा में पेड़ से टकराई कार, एक की मौत दूसरा घायल Khunti News
Jharkhand Accident News खूंटी में हुई दुर्घटना में अनमोल की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि उसका दोस्त सुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घर से अपनी कार से खूंटी जाने के लिए निकले थे।
तोरपा (खूंटी), जासं। रांची से सटे खूंटी जिला के तोरपा थाना क्षेत्र के खूंटी सिमडेगा मुख्य पथ पर अंगराबाड़ी कतारी मोड़ के पास सोमवार की रात एक कार पेड़ से अनितंत्रित होकर टकरा गई। दुघर्टना में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, दूसरा युवक जख्मी हो गया। जानकारी के अनुसार डोड़मा निवासी अनमोल भेंगरा (30) व उसका दोस्त सुरजीत तिडू सोमवार की रात में अपनी कार इको स्पोर्ट्स जेएच 01 सी क्यू 5656 से खूंटी जाने के निकले थे।
इसी क्रम में कतारी मोड़ के पास रात लगभग आठ बजे अनियंत्रित होकर कार ने एक पेड़ को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अनमोल की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि, उसका दोस्त सुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसकी जानकारी ग्रामीणों को मंगलवार की सुबह हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तोरपा थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद एसआइ कन्हैया सिंह व एसआइ मनोज तिर्की घटनास्थल पर पहुँचे। इसके बाद घायल सुरजीत को इलाज के लिए रांची भेजा। साथ ही शव का खूंटी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर स्वजनों को सौंप दिया।
रात भर कार में पड़ा रहा शव, घायल दोस्त भी था साथ में
दुर्घटना के बाद सोमवार की पूरी रात शव दुर्घटनाग्रस्त कार में ही पड़ा रहा। पूरी रात घायल दर्द से कराहता रहा। उन्हें देखने वाला कोई नहीं था। सुबह घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के बाद शव को कार से निकाला गया और घायल को इलाज के लिए भेजा गया। इधर, घटनास्थल पर पहुंचे मृतक अनमोल भेंगरा के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल था।