जैक के परीक्षा परिणाम को लेकर नहीं थम रहा विवाद, छात्रों का समूह राजभवन के सामने धरने पर बैठा,प्रदर्शन
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से जारी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर छात्र-छात्राओं का आंदोलन बढ़ता जा रहा है। रांची सहित राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन ने परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया।
रांची, जासं।झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से जारी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर छात्र-छात्राओं का आंदोलन बढ़ता जा रहा है। रांची सहित राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं। ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन आइसा ने परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है। इसके तहत छात्र-छात्राओं का समूह राजभवन के सामने धरना प्रदर्शन कर रहा है।
मौके पर मौजूद आइसा के नेशनल काउंसिल मेंमबर नौरीन अख्तर ने कहा कि कोरोना महामारी की से पिछले डेढ़ साल से शिक्षण संस्थानों को बंद रखा गया हैं. शिक्षण संस्थानों के बंद होने के कारण सरकार ने बिना परीक्षा लिए छात्रों को प्रमोट करने का निर्णय लिया। यह स्वागतयोग्य कदम रहा। हकीकत में जैक ने अपने परिणाम बहुत सारे छात्र-छात्राओं को बारहवीं में फेल कर दिया। दसवीं में भी छात्रों को फेल किया गया।सवाल यह है कि बिना परीक्षा लिए छात्र-छात्राओं को किस आधार पर असफल घोषित किया गया।
परीक्षा देने के आदेश को वापस लेने की मांग
संगठन की ओर से कहा गया कि जैक की ओर से असफल घोषित किए गए छात्रों को परीक्षा देने के लिए कहा जा रहा है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। जैक को अपना यह आदेश वापस लेना चाहिए। अपनी इन्हीं मांगों को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं व छात्रों ने प्रदर्शन किया। आइसा छात्र नेत्री नाजिया ने कहा कि जो फेल हुए छात्र है अगर सभी को पास नहीं किया गया तो छात्र अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
प्रदर्शन में जाहिद , तरुण, मनीष, विवेक, आकाश रंजन, मिट्ठू कुमारी, मऊ कुमारी, सबीहा परवीन, शाहिद, उबैद, रिया कुमार, प्रिया, अंकिता, प्रिंस, रिशभ,सोनाली, सनाउल्लाह, जाहिद, ओवैश, सुशील, इमरान, ब्रजेश, दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। जैक के परिणाम को लेकर सभी छात्र संगठन असंतुष्ट हैं। तमाम संगठन अलग अलग तरीके से अपना विरोध जता रहे हैं। छात्रों के लिए न्याय की मांग की जा रही है।