Jamshedpur Corona Update: जमशेदपुर में 43 कोरोना मरीज मिलते ही मची खलबली; जानें ताजा हाल
Coronavirus Jharkhand Update जमशेदपुर में एक ही दिन में एकसाथ 43 कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद नीचे से ऊपर तक खलबली मच गई। कोरोना मरीजों वाले इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया।
रांची,जेएनएन। जमशेदपुर में एक ही दिन में एक साथ 43 कोरोना संक्रमितों के मिलने से शासन-प्रशासन में नीचे से ऊपर तक खलबली मच गई है। कोरोना मरीजों वाले इलाकों को धड़ाधड़ सील किया जा रहा है। जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने 43 कोरोना पॉजिटिव केस की पुष्टि की है। बताया कि सभी संक्रमितों को टाटा मेडिकल हॉस्पिटल के कोविड वार्ड में दाखिल कराया गया है। तमाम सुरक्षा एहतियात बरतते हुए संक्रमण की चपेट में आने वाले मोहल्लों की घेराबंदी का आदेश दिया गया है। कंटेनमेंट जोन में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
शनिवार को झारखंड में रिकॉर्ड 72 कोरोना मरीज मिले हैं। इनमें जमशेदपुर के 43, धनबाद के 13 और हजारीबाग-सिमडेगा के चार-चार मामले शामिल हैं। राज्य के 24वां जिला साहिबगंज में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। यहां एक मरीज की पुष्टि पीएमसीएच धनबाद ने की है। पाकुड़ में फिर एक नया कोरोना केस सामने आया है। इसके अलावा खूंटी और गढ़वा में दो-दो कोरोना संक्रमित मिले। पलामू और गुमला में एक-एक कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं।
इधर जमशेदपुर में आज मिले 43 कोरोना संक्रमितों में अधिकतर प्रवासी मजदूर हैं। ये हाल में ही दूसरे प्रदेशों से अपने घर पहुंचे हैं। आज के ताजा आंकड़ों के साथ पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 94 हो गई है। पश्चिमी सिंहभूम में अबतक 15 और सरायकेला-खरसावां में 5 कोरोना मरीजों की पहचान की गई है। इस तरह कोल्हान में कुल 114 मामले अबतक सामने आ चुके हैं।
शनिवार को जमशेदपुर में मिले कुल 43 कोरोना संक्रमितों में धालभूमगढ़ इलाके से अधिक मामले सामने आए हैं। यहां 15 पॉजिटिव केस की पहचान हुई है। एक छात्र भी कोरोना संक्रमित मिला है। इन सभी को मोहुलीशोल में कस्तूरबा विद्यालय में क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। ये सभी धातकीबनी और जाबका गांव के रहने वाले हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी जमशेदपुर में 15 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई थी। इनमें से अधिकतर प्रवासी मजदूर गुड़गांव, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बंगलुरु से हाल के दिनों में अपने घर लौटे हैं।