विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JTET 2026: परीक्षा से ठीक पहले बदले 3 एग्जाम सेंटर, जैक ने शुरू किया कंट्रोल रूम

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:00 AM (IST)

झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने जेटेट-2026 परीक्षा को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जैक ने जेटेट-2026 के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया।

  2. पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम के तीन परीक्षा केंद्र बदले गए।

  3. कदाचार रोकने को सीसीटीवी, मोबाइल प्रतिबंध जैसे उपाय।

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

परिषद के अनुसार कंट्रोल रूम 31 अक्टूबर और एक नवंबर को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कार्यरत रहेगा। अभ्यर्थी और उनके अभिभावक परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए निर्धारित नंबरों पर संपर्क कर सकेंगे।

इसके साथ ही जैक ने अचानक परीक्षा से दो दिन पहले परीक्षा केंद्रों के नाम और पते से जुड़ी त्रुटियों में संशोधन किया गया है।

पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुल तीन परीक्षा केंद्रों के विवरण में सुधार किया गया है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर दर्ज पुराने विवरण के बजाय संशोधित जानकारी का ध्यान रखना होगा, ताकि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।

तीन परीक्षा केंद्रों के विवरण में सुधार

जैक ने पूर्वी सिंहभूम जिले के परीक्षा केंद्र कोड 51079 के प्रवेश पत्र में पटमदा इंटर कालेज, जाल्ला, पोटका का पता दर्ज था। संशोधित विवरण में केंद्र का नाम पटमदा इंटर कालेज, जाल्ला और पता पोस्ट पटमदा, जमशेदपुर, ईस्ट सिंहभूम किया गया है।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में दो केंद्रों के विवरण में बदलाव किया गया है। केंद्र कोड 52021 के लिए मधुसूदन महतो हाई स्कूल, चाईबासा के स्थान पर मधुसूदन महतो हाई स्कूल, चक्रधरपुर दर्ज किया गया है।

वहीं, केंद्र कोड 52022 के लिए आदर्श मिडिल स्कूल, देवगांव, चाईबासा के स्थान पर आदर्श मिडिल स्कूल, देवगांव, चक्रधरपुर का संशोधित विवरण जारी किया गया है।

कंट्रोल रूम के तीन नंबर जारी 

परीक्षा संचालन से जुड़ी सहायता के लिए जैक ने तीन संपर्क नंबर जारी किए हैं। अभ्यर्थी 7485093436, 7485093437 और 7485093440 पर संपर्क कर सकते हैं। ये नंबर 31 अक्टूबर और एक नवंबर को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक सक्रिय रहेंगे।

कदाचार रोकने के लिए सख्त व्यवस्था 

जेटेट परीक्षा एक नवंबर को राज्यभर में निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल फोन पर प्रतिबंध और अभ्यर्थियों के विवरण वाली प्री-प्रिंटेड ओएमआर शीट जैसी व्यवस्थाओं के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

इस परीक्षा पर सरकार की ओर से भी सीधी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह जेपीएससी और जेएसएससी में हुए भ्रष्टाचार की कहानी इस परीक्षा में न दिखें।

यह भी पढ़ें- झारखंड जेटेट से भोजपुरी-मैथिली के साथ चार जनजातीय भाषाएं भी हटाई गईं, मंत्री जी का विरोध एकतरफा क्यों?