IRCTC/Indian Railways News: पूजा से पहले बिहार के लिए चलेंगी ट्रेन, त्यौहार में घर पहुंचाएगा रेलवे
रेलवे दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले झारखंड से बिहार के लिए कई ट्रेन चलाने की कवायद शुरू कर रहा है। यह ट्रेन रांची और जमशेदपुर से बिहार के लिए चलाई जाएंगी। रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी रांची तक लाने की कवायद चल रही है।...
रांची (जागरण संवाददाता) । रेलवे दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले झारखंड से बिहार के लिए कई ट्रेन चलाने की कवायद शुरू कर रहा है। यह ट्रेन रांची और जमशेदपुर से बिहार के लिए चलाई जाएंगी। रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस को भी रांची तक लाने की कवायद चल रही है। रेलवे इसे लेकर तैयारी में जुटा हुआ है। रांची व हटिया रेलवे स्टेशन पर तैयारी पूरी हो चुकी है। बस रेलवे बोर्ड के आदेश का इंतजार है। रेलवे बोर्ड का आदेश आते ही ट्रेनों को दौड़ा दिया जाएगा। लॉकडाउन से पहले रांची से 54 जोड़ी ट्रेन खुलती थी। अभी रांची से सिर्फ एक ट्रेन रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ही खुल रही है। रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाई गई थी।
लेकिन उसे राज्य सरकार के कहने पर बंद कर दिया गया है। रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस अभी पटना और गया के बीच चल रही है। रेलवे के सूत्रों का कहना है कि दुर्गा पूजा से पहले इस ट्रेन को पटना और रांची के बीच चलाने की योजना है। इसे लेकर रेलवे बोर्ड और राज्य सरकार के परिवहन विभाग के बीच पत्राचार चल रहा है। बताते हैं कि जल्दी जनशताब्दी एक्सप्रेस को चलाने के लिए कोई ठोस फैसला ले लिया जाएगा। इसी तरह टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को भी चलाने की कवायद शुरू है। रेलवे की योजना है कि त्योहारों से पहले विभिन्न शहरों के बीच रेल संपर्क को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। ताकि लोग अपने गांव में त्यौहार मना सकें।
ट्रेन चलाने की दूसरे चरण की तारीख का एलान जल्द
रेलवे के सूत्रों का कहना है कि दूसरे चरण में रांची डिवीजन से चलाई जाने के लिए प्रस्तावित छह ट्रेनों को दौड़ाने की तारीख का एलान जल्द होगा। इनमें से दो रांची स्टेशन से और चार हटिया स्टेशन से चलेंगी। इन ट्रेनों में 18631 रांची-अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस गुरुवारको, 18609 रांची-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस बुधवार, 18637 हटिया-यशवंतपुर बेंगलुरु कैंटोनमेंट एक्सप्रेस शनिवार, 12835 हटिया-यशवंतपुर एक्सप्रेस मंगलवार व शनिवार, 22846 हटिया-पुणे एक्सप्रेस सोमवार शुक्रवार और 12812 हटिया लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस शुक्रवार व शनिवार को चलेगी।