Army Chief Bipin Rawat in Jharkhand: सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत बोले, कश्मीर में शांति-आवाम को कोई तकलीफ नहीं
2 दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के साथ दिल्ली सेना मुख्यालय से कई वरीय सैन्य अधिकारी सहित कर्नल ऑफ द पंजाब रेजिमेंट भी हैं।
रांची, जेएनएन। थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद शांति व्यवस्था बहाल हो रही है। अाम-आवाम को किसी तरह की तकलीफ न हो इसके लिए लगातार सेना लगी हुई है। वहां के लोगों की काफी हद तक परेशानी दूर हो रही है। लोग दिनचर्या के काम-काज व व्यवसाय के लिए अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। हर काम सामान्य तरीके से हो रहा है। अब घाटी में कर्फ्यू जैसे हालात नहीं हैं।
सेना प्रमुख जनरल रावत बुधवार काे झारखंड के रामगढ़ छावनी स्थित सैनिक प्रशिक्षण केंद्र पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में मीडिया से मुखातिब हो रहे थे। सेना प्रमुख ने भव्य सैन्य समारोह के बीच सेंटर के किलाहरी ड्रील मैदान में पंजाब रेजिमेंट की दो युवा बटालियन 29 पंजाब व 30 पंजाब को निशान प्रदान (कलर्स प्रजेंटेशन) किया। सेना प्रमुख ने कहा कि इंडियन आर्मी हर तरह से आधुनिक हो रही है।
सेना प्रमुख ने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण की गुणवक्ता को विकसित किया जा रहा है। यानी फौज की आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आधुनिक हथियार मंगाई जा रही है। हमारी सेना हर क्षेत्र में मजबूत है। निशान प्रदान समारोह को संबोधित करते हुए कहा पंजाब रेजिमेंट भारतीय सेना की सबसे पुरानी एवं देश की सबसे बड़ी इंफैंट्री रजिमेंट है। पंजाब रेजिमेंट के पास आजादी के पूर्व एवं बाद में युद्ध के क्षेत्र में बहादुरी केे बहुत से रिकॉर्ड कायम किए हैं। सेना प्रमुख ने 29 पंजाब व 30 पंजाब बटालियन की प्रस्तुत परेड की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दोनों युवा प्लाटून अपनी जिम्मेवारी को निभाते हुए हर चुनाैतियों पर खरा उतरेगी।
सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत बुधवार की सुबह ठीक 9 बजे सैनिक छावनी स्थित पंजाब रेजिमेंटल सेंटर स्थित किला हरि ड्रील स्क्वायर पहुंचे। उन्होंने सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर नरेंद्र चराग की अगुवाई में आयोजित कलर प्रेजेंटेशन परेड का खुले जीप से निरीक्षण किया, और परेड की सलामी ली। झमाझम बारिश के बीच सेना प्रमुख विपिन रावत ने सैन्य परंपरा के साथ रेजिमेंट के नए निशान का विधिवत आदान-प्रदान किया। सेना प्रमुख जनरल रावत दो दिनों तक पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में रहेंगे। इस दौरान वे कई सैन्य कार्यक्रम में भाग लेंगे।
आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत बुधवार को झारखंड पहुंचे हैं। यहां वे दो दिनों तक सैन्य अधिकारियों के साथ पंजाब रेजिमेंट के वार्षिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत के साथ कई बड़े सैन्य अधिकारी भी झारखंड आए हैं। जनरल रावत ने बुधवार को रामगढ़ में पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के दो यूनिटों को नया झंडा सौंपा। दो दिनों के झारखंड दौरे पर वे सैनिक प्रशिक्षण केंद्र पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित कई सैन्य कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।
कई वरीय सैन्य अधिकारी सहित कर्नल ऑफ द पंजाब रेजिमेंट के साथ रामगढ़ पहुंचे सेना प्रमुख जनरल रावत ने बुधवार की सुबह सबसे पहले पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के ऐतिहासिक युद्ध स्मारक में जाकर वीर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सेना प्रमुख ने पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के प्रशिक्षित जवानों के परेड की सलामी ली। उन्होंने पंजाब रेजिमेंट के नए झंडे का आदान-प्रदान भी किया। पहली बार रामगढ़ पहुंचे सेना प्रमुख जनरल विपिन रावत के स्वागत के लिए पंजाब रेजिमेंटल सेंटर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।