डॉक्टरों व व्यवसायियों के डेढ़ दर्जन ठिकानों पर आयकर का सर्वे
डॉ. एसपी दास व डॉ. दीपा घोष पति-पत्नी हैं और दोनों का क्लीनिक भालूबासा में ही है। सर्वे के लिए पहुंची टीम ने मरीजों से भी पूछताछ की।
रांची। रांची, देवघर व जमशेदपुर में डॉक्टरों-व्यवसायियों के डेढ़ दर्जन ठिकानों पर गुरुवार को आयकर विभाग का सर्वे शुरू हुआ है। सर्वे का कार्य शुक्रवार को भी जारी रहेगा। आयकर विभाग सभी ठिकानों पर आय व व्यय से संबंधित दस्तावेज खंगाल रहा है। रांची में जहां रिम्स के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डा. हेमंत नारायण के आवास व क्लिनिक पर आयकर के अधिकारियों ने सर्वे शुरू किया है। वहीं, जमशेदपुर में पांच डॉक्टरों के छह ठिकानों पर सर्वे जारी है। इसी प्रकार देवघर में सात व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों पर भी आयकर से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं।
आयकर छिपाने की शिकायतों पर सर्वे करने पहुंची है टीम जमशेदपुर : जमशेदपुर में पांच चिकित्सकों पर अपना आयकर छिपाने की लगातार शिकायतें आयकर विभाग को मिल रही थी। इसके बाद ही सर्वे के लिए छह टीम बनाई गई। सर्वे टीम गुरुवार को दोपहर लगभग 12 बजे शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. उन्मेश लुकतुके के आमबगान साकची, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंह के विजया गार्डेन बारीडीह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एसपी दास के भालूबासा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपा घोष के भालूबासा, मेडिटेक डायग्नोस्टिक सेंटर के बिष्टुपुर कांट्रेक्टर्स एरिया और मानगो स्थित ठिकानों पर एक साथ सर्वे शुरू किया।
डॉ. एसपी दास व डॉ. दीपा घोष पति-पत्नी हैं और दोनों का क्लीनिक भालूबासा में ही है। सर्वे के लिए पहुंची टीम ने मरीजों से भी पूछताछ की। क्लिनिक के मेडिकल स्टोर व पैथोलॉजी कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं। सर्वे टीम का नेतृत्व आयकर उपायुक्तरंजीत मधुकर कर रहे हैं। टीम में सहायक आयकर आयुक्तमनीष कुमार, आयकर अधिकारी रंजीत कुमार रिन, के श्रीनिवास और एसके पूर्ति आदि शामिल हैं।
कच्चे पेपर पर काम करने वाले सात व्यवसायियों के यहां सर्वे जारी देवघर में ज्यादातर काम कच्चे पेपर पर करने वाले व्यवसायियों के यहां आयकर का सर्वे जारी है। गुरुवार को धनबाद व देवघर की संयुक्त आयकर की टीम ने देवघर के सात व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आयकर सर्वे शुरू किया। जिन जगहों पर सर्वे का काम चल रहा है उनमें पार्वती पेड़ा भंडार की दो दुकान, काशी साह एंड संस पेड़ा भंडार, महावीर साह पेड़ा भंडार, गंगा साह महावीर साह पेड़ा भंडार के अलावा भोला पंडा पथ स्थित होटल गंगा पैलेस व घूंघट सिंदूर फैक्ट्री शामिल है।
आयकर विभाग के संयुक्त निदेशक मानस मंडल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कई दस्तावेज हाथ आए हैं। हालांकि सर्वे पूरा होने के बाद ही इसका पूरा आंकलन हो पाएगा। टीम में सहायक आयकर आयुक्त देवघर सावंती भट्टाचार्या, धनबाद के सहायक आयकर आयुक्त राजीव छाबड़ा, आयकर अधिकारी केदारनाथ, यूएस चौबे, रंजन गर्ग, रिव कुमार, एसएन झा शामिल थे।