खलारी अंचल में पंजी टू के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर हुआ करोड़ों की जमीन का खेल
रांची के अलग-अलग इलाकों में भू-माफिया व अंचल कार्यालय के कर्मचारी व अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहे करोड़ों रुपये के जमीन के खेल में बेहद अहम जानकारी हाथ लगी है।
फहीम अख्तर, रांची
रांची के अलग-अलग इलाकों में भू-माफिया व अंचल कार्यालय के कर्मचारी व अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहे करोड़ों रुपये के जमीन के खेल में बेहद अहम जानकारी हाथ लगी है। दैनिक जागरण के हाथ लगे सरकारी दस्तावेज में यह साफ हो गया है कि रांची का खलारी अंचल पूरी तरह से भू-माफिया के कब्जे में है। माफिया के इशारे पर अंचल के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ का जबरदस्त खेल चल रहा है। अंचल के कर्मचारी और अधिकारी मिलकर जो मन चाहे पंजी टू में चढ़ा दें, जिसका नाम चाहे हटा दें। दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन की रसीद काट दी गई। जांच में इसकी पुष्टि हो गई है।
जमीन की लूट का पूरा खेल सामने आने के बाद रांची उपायुक्त छवि रंजन ने रविवार को तत्कालीन राजस्व कर्मचारी सह राजस्व उपनिरीक्षक श्याम सुंदर नाथ राय को निलंबित कर दिया। वहीं सीओ और एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। निलंबित कर्मचारी श्याम सुंदर वर्तमान में नामकुम कार्यालय में कार्यरत हैं। निलंबन अवधि के दौरान वह बुंडू अनुमंडल मुख्यालय में रहेगा। कर्मचारी मंजू एक्का और सीओ रवि किशोर पर जल्द कार्रवाई होगी। कोट
भूमि संबंधित सभी विवादित मामलों के अंचलों की जांच की जाएगी। गलती पाए जाने पर दोषी अंचल अधिकारियों एवं कर्मियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छवि रंजन, उपायुक्त रांची।
::::