विद्या सारथी 2026: दो साल तक मुफ्त जेईई-नीट कोचिंग, CCL कमांड एरिया के 10 डीएवी स्कूल में चलेगी क्लास
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी सीएसआर पहल 'सीसीएल विद्या सारथी 2026' का शुभारंभ किया है, जिसके तहत 400 छात्रों ...और पढ़ें

सीसीएल विद्या सारथी 2026: 400 छात्रों को मुफ्त जेईई-नीट कोचिंग से मिलेगा सुनहरा भविष्य।
HighLights
सीसीएल ने 'विद्या सारथी 2026' सीएसआर पहल शुरू की।
400 छात्रों को दो साल मुफ्त जेईई-नीट प्रशिक्षण मिलेगा।
10 डीएवी केंद्रों पर छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल सीसीएल विद्या सारथी 2026 का शुभारंभ सीसीएल के लाल हॉस्टल, गांधीनगर में हुआ। इसके साथ ही सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित सभी 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों पर भी इस पहल की शुरुआत की गई।
सीसीएल विद्या सारथी 2026 के तहत 400 विद्यार्थियों को दो वर्षों तक निश्शुल्क जेईई-नीट प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विषयवार प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री, डिजिटल लर्निंग सपोर्ट, नियमित टेस्ट एवं मूल्यांकन के साथ निरंतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना और उन्हें अपने करियर लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देना है। इस पहल के लिए सीसीएल के कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी प्रशिक्षण केंद्रों का चयन किया गया है।
ये केंद्र कुजू, बरकाकाना, ढोरी, गिरिडीह, रजरप्पा, कथारा, रांची, अरगड़ा, हजारीबाग और पिपरवार में स्थित हैं। रांची केंद्र के लिए 60 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थी अपने माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों में भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। हर्षनाथ मिश्र ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पंकज कुमार ने कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सीएसआर) एसएस लाल, महाप्रबंधक (कल्याण) संजय कुमार ठाकुर, नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन (एनसीएसएम) के प्रतिनिधि, सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली के फैकल्टी सदस्य समेत सीसीएल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एनसीएसएम के सहयोग से संचालित यह पहल सीसीएल के कमांड क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सीएसआर प्रयास है।
इसके माध्यम से विभिन्न आर्थिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीएल अपने विभिन्न सीएसआर एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
कंपनी के अनुसार, विद्यार्थियों के करियर और प्रशिक्षण को ध्यान में रखकर संचालित योजनाएं उनके और उनके परिवारों के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ आने वाली पीढ़ियों में सकारात्मक बदलाव की आधारशिला भी तैयार कर रही हैं।
