U 19 world cup 2020 final: क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में रांची के लाल सुशांत पर आज सबकी निगाहें
U 19 world cup 2020 final दक्षिण अफ्रीका में अंडर 19 विश्व कप का फाइनल आज भारत व बांग्लादेश के बीच होगा। रांची के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा तथा जमशेदपुर के कुशाग्र पर होगी नजर।
रांची, जेएनएन। U 19 world cup 2020 final रांची के हीरो महेंद्र सिंह धौनी के बाद अब सुशांत मिश्रा वर्ल्ड क्रिकेट में झारखंड का सरताज बनेंगे। दक्षिण अफ्रीका में आइसीसी अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फाइनल आज भारत व बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। भारतीय टीम में रांची के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा तथा जमशेदपुर के कुशाग्र शामिल किए गए हैं। ऐसे में क्रिकेटप्रेमियों की नजर झारखंड की इन नई पौध पर टिकी रहेंगी। सुशांत का परिवार राजधानी रांची के अरगोड़ा में रहता है। मैच को लेकर सुबह से ही सुशांत मिश्रा के घर में ओज-उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। परिजनों व मोहल्ले के लोग अपने लाडले के बेहतर प्रदर्शन को लेकर आशान्वित हैं। सुशात के स्कूल डीएवी, पुंदाग में उसके शिक्षक भी भारत के वर्ल्ड कप जीतने को लेकर उम्मीदों से भरे हैं। इससे पहले सुशांत मिश्रा ने सेमीफाइनल में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, उसने पाकिस्तान के खिलाफ 28 रन देकर तीन विकेट झटके थे।
धौनी के बाद रांची से चमकते सितारे के रूप में निकले सुशांत मिश्रा को लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट भी आशावान हैं। सुशांत के बॉलिंग एक्शन और गति को बेहद आक्रामक बताते हुए कहते हैं कि बांग्लादेश को हराने के लिए उनके पास पर्याप्त स्विंग मौजूद है। अगर जीत मिली तो इसमें सुशांत की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
सुशांत के स्कूल डीएवी पुंदाग में हवन-पूजन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महेंद्र सिंह धौनी के बाद नए सितारे के रूप में अपनी धमक दिखाने वाले तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा के स्कूल डीएवी, पुंदाग में भारत की जीत के लिए हवन-पूजन का आयोजन किया गया। अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम की जीत और अपने स्कूल की शान सुशांत के शानदार प्रदर्शन को लेकर स्पोर्ट्स टीचर आशीष जायसवाल ने छात्रों के साथ हवन किया।