यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IAS Pooja Singhal LIVE: झारखंड की वरिष्ठ आइएएस पूजा सिंघल गिरफ्तार... दो दिनों से ईडी कर रही थी पूछताछ
IAS Pooja Singhal Arrest दो दिनों की लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने बुधवार दोपहर बाद किया गिरफ्तार। सात मई ...और पढ़ें

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड की खान सह उद्योग सचिव पूजा सिंघल को ईडी ने दो दिनों की लंबी पूछताछ के बाद बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने इसकी अधिकारिक पुष्टि कर दी है। ईडी ने यह गिरफ्तारी मनरेगा घोटाले में संलिप्तता सहित भ्रष्टाचार से संबंधित अन्य मामलों में मनी लांड्रिंग के तहत की है। उनके पति अभिषेक झा की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। उनसे पिछले तीन दिनों से ईडी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। इस प्रकरण में गत सात मई को पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन सिंह की गिरफ्तारी हुई थी, जिसे ईडी ने आठ मई से पांच दिनों के रिमांड पर लिया था। सुमन सिंह अभी ईडी के रिमांड पर है। बताया जा रहा है कि पूजा सिंघल को मेडिकल जांच के बाद ईडी की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां ईडी के अधिकारी उन्हें रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट से आग्रह करेंगे।
.jpg)
यह भी पढ़ें : Jharkhand News: गिरफ्तारी के बाद IAS पूजा सिंघल सस्पेंड, CM हेमंत बोले, क्लीन चिट देने वाले नहीं बचेंगे
18.06 करोड़ का मनरेगा घोटाला करने व मनी लांड्रिंग का आरोप
गौरतलब है कि खूंटी के बहुचर्चित 18.06 करोड़ रुपये के मनरेगा घोटाले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी की टीम को आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल के पूरे कार्यकाल के दौरान करोड़ों की हेराफेरी के मामले की जानकारी मिली थी। छानबीन में इस बात की भी पुष्टि हो चुकी है कि उन्होंने विभिन्न जिलों में उपायुक्त के कार्यकाल के दौरान 1.43 करोड़ अवैध रुपये अपने व अपने पति के खाते में मंगवाया था। उन्होंने अपने निजी खाते से अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन सिंह के खाते में 16.57 लाख रुपये स्थानांतरित भी किया था। यह वही चार्टर्ड अकाउंटेंट है, जिसके यहां छह मई को ईडी ने छापेमारी के वक्त 19.31 करोड़ रुपये नकदी बरामद किया था, जिसकी गिनती के लिए नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी थी।
पूजा सिंघल को पेशी के लिए अदालत ले जाते ईडी के अधिकारी, देखें वीडियो
यह भी पढ़ें : IAS Pooja Singhal Arrested: आइएएस पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के मायने, 10 आसान प्वाइंट्स में समझें
ईडी को रुपयों का हिसाब नहीं दे सकी पूजा सिंघल
ईडी सूत्रों के अनुसार पूजा सिंघल ने 2005-06 व 2012-13 में 13 बीमा पालिसी खरीदीं और प्रिमियम के रूप में 80.81 लाख रुपये जमा किया। बाद में बिना परिपक्व हुए ही पालिसी बंद करा दी और 84.64 लाख रुपये उठा भी लिया। ईडी को इन रुपयों का हिसाब अभी नहीं मिला है। उनपर अपने काले धन को शेल कंपनियों के माध्यम से खपाने का आरोप है। ईडी को ऐसे 20 से अधिक शेल कंपनियों के बारे में भी जानकारी मिली थी, जिसकी प्रारंभिक छानबीन में इसपर मुहर भी लग गई थी।
पूजा के पति अभिषेक झा की गिरफ्तारी भी संभव
ईडी दो दिनों तक अभिषेक झा से पूछताछ कर चुकी है। बुधवार दोपहर बाद ईडी ने एकबार फिर अभिषेक झा को अपने कार्यालय में तलब किया है। अभिषेक झा कुछ कागजात लेकर अपनी गाड़ी से ईडी कार्यालय पहुंचे हैं। उनसे ईडी अभी पूछताछ कर रही है। संभावना है कि शीघ्र ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

ईडी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात
उधर, ईडी कार्यालय के बाहर आज पहली बार सुबह से ही सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बलों की यहां तैनाती कर दी गई थी। कार्यालय के आसपास से गुजरने वाले हर किसी पर सुरक्षा बलों की कड़ी निगाह थी। ईडी कार्यालय पर अचानक सुरक्षा बढ़ाए जाने से तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। कोई यह नहीं समझ पा रहा कि अचानक सुरक्षा क्यों बढ़ा दी गई है। इस बारे में सुरक्षा अधिकारी भी कोई खुलासा नहीं कर रहे थे। अंतत: लोगों की आशंका सही साबित हुई। पूजा सिंघल गिरफ्तार कर ली गई हैं।

पूजा, अभिषेक और सुमन के कई ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
मालूम हो कि ईडी की टीम ने पिछले दिनों आइएएस पूजा सिंघल, उनके पति अभिषेक झा, सीए सुमन कुमार सिंह के कई ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान सुमन कुमार सिंह के घर से 19 करोड़ से अधिक की नकद राशि बरामद हुई थी। पिछले कई दिनों की पूछताछ के बावजूद यह खुलासा नहीं हो पाया है कि यह नकद रुपये किसके हैं। सुमन कुमार सिंह बार बार यह कह रहा कि मुंह खोलने पर उसकी जान को खतरा हो सकता है। ईडी अभी तक नकद रुपयों के वास्तविक मालिक का पता नहीं लगा सकी है।
अभिषेक के अस्पताल में निवेश के बारे में भी पूछताछ हुई
उधर, पूजा सिंघल से ईडी यह जानने का प्रयास कर रही थी कि उनके बैंक खातों से जो रुपये अन्य बैंक खातों में भेजे गए हैं, वह किस मकसद से भेजे गए थे। साथ ही, अभिषेक झा से यह पता लगा रही कि उनके पल्स अस्पताल में पूजा सिंघल के कितने रुपये निवेश हुए हैं। उनका अस्पताल के निर्माण से क्या कनेक्शन है।
भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों में घिरीं झारखंड की आइएएस पूजा सिंघल को प्रवर्तन निदेशालय @dir_ed ने आज गिरफ्तार कर लिया है। रांची की ईडी विशेष अदालत में उन्हें पेश किया गया है। @HemantSorenJMM @JagranNews pic.twitter.com/590VhWWUgm
— Alok Kumar Shahi (@alokshahi5) May 11, 2022
अब राज्य सरकार भी करेगी पूजा सिंघल पर कार्रवाई
जानकारों की मानें तो पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड सरकार भी उनके खिलाफ सख्त कदम उठा सकती है। ईडी के समन के बाद से ही पूजा सिंघल ने अवकाश ले रखा था। मालूम हो कि पूजा सिंघल खनन विभाग की सचिव हैं। वह झारखंड के कई जिलों में इससे पहले डीसी रह चुकी हैं। उन पर मनरेगा योजना में घोटाला करने का भी आरोप है।
ईडी कार्यालय पर पत्रकारों की भीड़, पूजा के बाहर निकलने का इंतजार
उधर, रांची जोनल ईडी कार्यालय के बाहर इस समय पत्रकारों के भीड़ लगी है। पत्रकार उनके कार्यालय से बाहर निकलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ईडी की ओर से आज ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद ईडी पुन: पूछताछ करने के लिए उन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेगी।
