आनेवाले दिनों में झारखंड में भी करूंगा शूटिंग : प्रकाश झा
फिल्म निर्माता और निर्देशक प्रकाश झा का मानना है कि झारखंड में परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। आनेवाले समय में वे अपनी फिल्म की शूटिंग झारखंड में करने की कोशिश करेंगे। इसके लिए ठोस कहानी की तलाश चल रही है।
जागरण संवाददाता, रांची। फिल्म निर्माता और निर्देशक प्रकाश झा का मानना है कि झारखंड में परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। आनेवाले समय में वे अपनी फिल्म की शूटिंग झारखंड में करने की कोशिश करेंगे। इसके लिए ठोस कहानी की तलाश चल रही है। प्रकाश झा सोमवार को अपनी आने वाली नई फिल्म के सिलसिले में रांची पहुंचे थे।
प्रकाश झा सिस्टम और जनता के बीच के रिश्तों पर फिल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं। मार्च में रिलीज होनेवाली फिल्म जय गंगाजल में भी वे कुछ ऐसा ही दिखाने वाले हैं।
प्रकाश झा ने कहा कि देश की परिस्थितियों में काफी बदलाव आया है। पुलिस और जनता के बीच रिश्ते भी बदल गए हैं। ऐसे में आनेवाली फिल्म के माध्यम से उन्होंने नए दौर में पुलिस, सिस्टम, प्रशासन और जनता के बीच के रिश्ते को दिखाने को कोशिश की है। फिल्म चार मार्च को रिलीज होगी। फिल्म में मुख्य भूमिका प्रियंका चोपड़ा ने निभाई है।
अभिनय की दुनिया में भी रखा कदम
प्रकाश झा अब अभिनय की दुनिया में भी हाथ अजमा रहे हैं। अपनी फिल्म में उन्होंने डेब्यू किया है। अभिनय की बाबत वे कहते हैं कि खुद की फिल्म में अदाकारी करना आसान नहीं होता है। कई बार सेट पर मैं खुद एक्शन बोलता था और अपना शॉट खुद देता था। कट बोलने के बाद ही शॉट बंद होता था। मुझे भी कई शॉट के लिए री-टेक लेने पड़े। अभी तक तो दर्शकों ने मुझे छोटे रोल में कई बार देखा है, कोशिश है कि मेरी जिंदगी की इस कोशिश को भी दर्शक पसंद करेंगे। काफी दिनों बाद कुछ हटकर करने की कोशिश की है।
भोपाल में शूटिंग करना आसान
प्रकाश झा ने सात फिल्मों की शूटिंग मध्यप्रदेश में की है। बिहार-झारखंड में शूटिंग नहीं करने के सवाल पर उन्होंने कहा, भोपाल में शूटिंग करना काफी आसान है। वहां के लोगों को हमें कुछ भी बोलने की जरूरत नहीं पड़ती है। वे खुद सबकुछ समझ जाते हैं। सुरक्षा की भी जरूरत नहीं पड़ती है। बिहार और झारखंड में स्थिति थोड़ी अलग होती है। यहां के लोग हमें इतना प्यार करते हैं कि वे शूटिंग के स्थान से हटना ही नहीं चाहते हैं।
मुझे याद है कि पटना में मैंने शूटिंग करने की कोशिश की थी । 10 मिनट के शॉट को 9 घंटे में भी पूरा नहीं कर सका। हालांकि, रांची में ही मैंने अपनी पहली फिल्म हिप हिप हुर्रे की शूटिंग की थी। वह फिल्म सफल रही। कोशिश रहेगी कि आने वाले दिनों में भी इस ओर कार्य कर सकूं।
खूबसूरत जगह है झारखंड
झारखंड में फिल्म सिटी के निर्माण के विषय में उन्होंने कहा, प्रयास बेहतर है। अगर सबकुछ अच्छे तरीके से होता है तो असर रांची में देखने को मिलेगा। फिल्मों के लिए नए लोकेशन की जरूरत होती है। झारखंड में लोकेशन की कोई कमी नहीं है। काफी खूबसूरत प्रदेश है यह। जरूरत है तो सिर्फ बेहतर माहौल की। एक्टर मानव कौल भी प्रकाश झा के साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा, पहली बार रांची आया हूं। यह शहर काफी अच्छा है।