Road Accident: बंगाल से राउरकेला जा रही कार तोरपा में दुर्घटनाग्रस्त, पति-पत्नी व दो मासूमों की मौत
Car Accident Jharkhand Road Accident Hindi Samachar सड़क हादसा खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के चुरगी मोड़ के पास हुआ है। बताया गया कि कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
तोरपा (खूंटी), जासं। रांची से सटे खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के चुरगी मोड़ के पास बुधवार को सड़क दुर्घटना में दो बच्चे सहित चार लोगों की मृत्यु हो गई है। सभी लोग एक सफेद रंग की इनोवा कार से पश्चिम बंगाल के रानीगंज से ओडिशा के राउरकेला जा रहे थे। मृतकों में पति, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। इनोवा कार चला रहे वशिष्ठ जैन और कार पर सवार एक लड़की वंशिका गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान कन्हैया जैन व उसकी पत्नी रमा जैन के रूप में की गई है। उनके साथ उनके दो बच्चे सात वर्षीय ऋषभ जैन व तीन वर्षीय बेटी नित्या जैन की भी दुर्घटना में मृत्यु हो गई। सभी राउरकेला के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी रानीगंज से वापस अपने घर राउरकेला लौट रहे थे। इसी दौरान चुरगी मोड़ के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही चारों की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद सभी लोग वाहन के अंदर ही फंसे रह गए थे। हादसे के बाद आसपास के लाेग मौके पर पहुंचे और शवों को बड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला।