दिल्ली में दो बार बेची गई रांची की नाबालिग, जिसे दोस्त बनाया उसी ने की जबरदस्ती
Human Trafficking. पंडरा थाने की पुलिस ने इस मामले में आरोपित रॉकी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
रांची, जासं। राजधानी रांची के मैकलुस्कीगंज इलाके की रहने वाली एक नाबालिग से रांची के पंडरा इलाके में दुष्कर्म किया गया। नाबालिग की उम्र 17 वर्ष है और मैट्रिक पास है। इसकी दो बार ट्रैफिकिंग की गई। पहली बार बीते वर्ष 2017 में गांव की ही एक महिला लेकर दिल्ली गई। इसके बाद वहां से लौट गई थी। दोबारा इसी वर्ष मार्च में वह दिल्ली गई। वहां रहने के दौरान फोन से रॉकी नाम के युवक से उसकी दोस्ती हो गई।
रॉकी रांची-गुमला रोड के आइटीआइ बस स्टैंड के पास का रहने वाला है और कपड़े की दुकान पर काम करता है। पहली बार गलत नंबर पर बातचीत हुई, फिर लड़का लगातार फोन करता रहा। रांची में काम दिलाने का आश्वासन दिया। मना करने के बावजूद फोन पर लगातार बुलाता रहा। आखिर में करीब एक महीने पहले युवती दिल्ली से पूरा सामान उठाकर रांची आ गई।
रॉकी उसे आइटीआइ बस स्टैंड के पास ही उस मकान में ले गया, जहां पहले से रॉकी की एक परिचित युवती रहती थी। वहां आना-जाना कर उसके साथ रहा और जबरन दुष्कर्म किया। मना करने पर धमकी देता था। इसकी पूरी जानकारी पीड़िता ने पंडरा पुलिस को दी है। इसके बाद पुलिस ने रॉकी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
कमरा छोड़ जाने के लिए बोला, दी धमकी : बुधवार को नाबालिग को कमरा छोड़कर जाने के लिए बोला। इसपर नाबालिग ने जब मना किया, तो उसने कहा दिल्ली चली जाओ या अपने घर जाओ। इसपर पीड़िता बोली कि तुमने मेरा दुष्कर्म किया, शादी करनी होगी। इसपर उसने धमकी दी कि नहीं जाओगी तो अंजाम बुरा होगा। यह भी बोला कि जहां जाना है, जाओ मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इसके बाद पीड़िता नाबालिग पंडरा ओपी पहुंची और आपबीती सुनाई।
पिता की हो चुकी है मौत, कमाने गई थी दिल्ली : पीड़िता ने बताया कि उसके पिता की मौत हो गई है। गांव के ही एक स्कूल में मैट्रिक तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ पैसे कमाने की सोची। गांव में एक महिला उसके संपर्क में आई। उसने दिल्ली में काम लगाने की बात कही। वह उसे दिल्ली ले जाकर एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम पर लगा दी। नोएडा के एक घर में वह घरेलू नौकरानी के रूप में काम कर रही थी। रांची में काम मिलने के झांसा में आकर युवक की शिकार हो गई।
कमरे में मिले आपत्तिजनक सामान : जिस कमरे में नाबालिग को रखा गया था, वहां से पुलिस को कई आपत्तिजनक सामान मिले हैं। फिलहाल उस कमरे में पुलिस ने ताला जड़ दिया है। पीड़िता ने बताया है कि उस कमरे में एक युवती रहती है, जो फिलहाल बंगाल चली गई है। वहां एक 12 वर्ष के किशोर को भी रखा गया था। पुलिस उससे भी जानकारी ले रही है।