अग्रवाल बंधु डबल मर्डर: मास्टरमाइंड लोकेश सहित तीन आरोपितों के घर की आज होगी कुर्की
Agrwal Brothers Murder Case. अग्रवाल बंधुओं की हत्या के मुख्य आरोपित लोकेश चौधरी अदालत में सरेंडर की ताक में है। मंगलवार को पुलिस उसके घर में कुर्की जब्ती करेगी।
रांची, जासं। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर रोड नंबर-एक स्थित साधना न्यूज चैनल के कार्यालय में दो कारोबारी अग्रवाल बंधुओं की गोली मारकर हत्या मामले के मुख्य आरोपित लोकेश चौधरी सहित फरार तीनों आरोपितों के घर मंगलवार को कुर्की होगी। खबर है कि पुलिस को कुर्की की कार्रवाई के लिए वारंट मिल चुकी है। कुर्की की कार्रवाई पुलिस एक साथ शहर के तीन जगहों पर करेगी।
लोकेश चौधरी की जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के वसुंधरा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 201 में, एमके सिंह के डोरंडा स्थित आवास में और खेलगांव के धर्मेंद्र तिवारी के सैनिक कॉलोनी में एक साथ कुर्की की कार्रवाई होगी। पुलिस इनके घर पर नजर भी रखी है। अबर ये घर के सामान इधर-ऊधर करने या हटाने के लिए कोई भी सदस्य पहुंचेगा, तो उसपर भी कार्रवाई की जाएगी। कुर्की की कार्रवाई के लिए पुलिस इश्तेहार की कार्रवाई कर चुकी है।
लोकेश की अचल संपत्ति भी होगी जब्त
डबल मर्डर के मुख्य हत्यरोपी लोकेश चौधरी के रांची व बिहार में मौजूद अचल संपत्ति को भी पुलिस जब्त करने की तैयारी कर रही है। बिहार के औरंगाबाद जिले के नेहरा स्थिति लोकेश की अचल संपत्ति जब्त की जाएगी। पुलिस ने इसके लिए कोर्ट से अनुमति मांगी है। लोकेश के घर से कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पूर्व में पुलिस ने लाकेश के बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। हालांकि लोकेश के सरेंडर के चर्चे तेज हैं। सरेंडर नहीं करने या गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में पुलिस सख्ती की ओर भी लगातार बढ़ रही है।
अंगरक्षक भेजा जा चुका है जेल
लोकेश चौधरी का अंगरक्षक सुनील सिंह गिरफ्तार कर बीते शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उसने बताया था कि व्यवसायी हेमंत अग्रवाल और महेंद्र अग्रवाल की हत्या 25 लाख रुपये हड़पने के लिए की थी। इसके लिए अपने दोस्त व बॉडीगार्ड से आइबी की फर्जी रेड कराई थी। एमके सिंह और धर्मेंद्र तिवारी ने अग्रवाल बंधुओं पर गोली चलाई थी। न्यूज चैनल कार्यालय में दोनों भाईयों की हत्या के बाद लोकेश, एमके सिंह और उनके दोनों अंगरक्षक सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर लेकर भाग निकले थे। अपने टीशर्ट पर लगे खून को छुपाने के लिए डीवीआर के साथ जला डाला था। ताकि साक्ष्य नष्ट हो जाए।
छह मार्च की शाम गोली मारकर की थी हत्या
बीते छह मार्च की शाम व्यवसायी हेमंत अग्रवाल व उनका सगा भाई महेंद्र अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद लोकेश 11:57 बजे जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कचनार टोली स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट पहुंचा था। वहां से पत्नी व बच्चों को लेकर सीधे बिहार भाग निकला था।