जूनियर डॉक्टर के प्रेमी को मनचला बताकर उठा ले गई पुलिस, रिम्स में हाई वोल्टेज ड्रामा
बताया कि जूनियर डॉक्टर उसकी गर्लफ्रेंड है। उसी के कहने पर वह रिम्स आना-जाना करता था। बिना उसकी मर्जी के रिम्स में क्यों आएगा। उसने कहा है कि वह प्रपोज करने रिम्स परिसर गया था।
रांची, जेएनएन। रांची के बड़े अस्पताल रिम्स की एक जूनियर डॉक्टर से मंगलवार की सुबह एक मनचले ने छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर वहां मौजूद अन्य डॉक्टरों ने मनचले को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। पकड़ा गया आरोपित बरियातू हाउसिंग कॉलोनी निवासी अभय कुमार है। उसने बताया कि वह इंजीनियर है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जूनियर डॉक्टर अपनी ड्यूटी कर लौट रही थी। उसी दौरान रेडियोलॉजी विभाग के पास मनचले ने उसे रोक लिया और हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। डॉक्टर वहां से भागी और आगे बढ़ी। रेडियोलॉजी विभाग के डॉक्टर बचाव के लिए आगे आए, लेकिन आरोपित धमकी देने लगा। आरोपित के पकड़े जाने के बाद वहां बरियातू थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। आरोपित के खिलाफ जूनियर डॉक्टर ने केस दर्ज कराया।
आरोपित इंजीनियर बोला, मेरी गर्लफ्रेंड है जूनियर डॉक्टर
आरोपित ने पुलिस को बताया कि जूनियर डॉक्टर उसकी गर्लफ्रेंड है। उसी के कहने पर वह रिम्स आना-जाना करता था। बिना उसकी मर्जी के रिम्स में क्यों आएगा। उसने कहा है कि वह प्रपोज करने रिम्स परिसर गया था। हालांकि जूनियर डॉक्टर का आरोप है कि एक सप्ताह पहले भी छेड़छाड़ कर चुका है। उस समय भी धमकी दी थी। जूनियर डॉक्टर के अनुसार पिछले 10 से 15 दिनों से वह रिम्स परिसर में घूम रहा था। घूमने के दौरान कई बार कमेंट पास किया और धमकी दी।