Jharkhand Assembly Election 2019: राजद में सीटों के लिए मचा घमासान, भोला यादव के सामने नारेबाजी
Jharkhand Assembly Election 2019. आधार क्षेत्र की सीटों के लिए घमासान मचा है। झामुमो और कांग्रेस के रुख का इंतजार है। प्रत्याशियों की सूची भी तैयार है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - विपक्षी दलों में महागठबंधन को लेकर फंसे पेच के बीच राजद वेट एंड वाच की स्थिति में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार झामुमो और कांग्रेस का रुख जानने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अपनी चुप्पी तोड़ेगा। इधर, बुधवार की शाम (झामुमो) की हुई बैठक में पलामू स्थित राजद के आधार क्षेत्र वाली सीटों में से कुछ के खिसकने की सुगबुगाहट मात्र पर पलामू से आए राजद कार्यकर्ताओं ने बवाल काटा। राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव के सामने ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
छतरपुर से आए राजद समर्थकों का एक जत्था इस बात के लिए हो-हंगामा कर रहा था कि वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे स्थानीय नेताओं को ही इस चुनाव में मौका दिया जाना चाहिए। ऐसा नहीं होता है तो भीरतघात तय है। तमाम राजनीतिक गहमागहमी के बीच इधर, राजद ने अपने आधार क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रखा है।
राजद की तैयारी हुसैनाबाद से संजय सिंह यादव, छतरपुर से धनंजय पासवान अथवा राजेश रोशन, विश्रामपुर से श्याम दास सिंह, मनिका से मुनेश्वर उरांव, झरिया से आबो देवी, गांडेय से मीनाक्षी देवी अथवा अनिल यादव, कोडरमा से शिवनाथ यादव अथवा संतोष यादव को उतारने की तैयारी है। इधर, सीटों के बंटवारे के मसले पर प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने दो टूक कहा कि हेमंत नेता हैं, उन्हीं से पूछिए अन्यथा इंतजार कीजिए।