ताला मरांडी के खिलाफ संज्ञान ले हाई कोर्ट : हेमंत
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट इस मामले पर संज्ञान ले।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को निशाने पर लिया है। रविवार को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन के आवास पर आयोजित पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक के बाद वे मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट इस मामले पर संज्ञान ले। भाजपा को ताला मरांडी के खिलाफ निर्णय लेना है। पार्टी इंतजार करेगी और उसके बाद ही आगे की रणनीति तय होगी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जूता चोरी होने पर सरकार एसआइटी का गठन करती है लेकिन एक आदिवासी लड़की के साथ उत्पीडऩ के मामले की जांच बीडीओ को सौंप दी जाती है। यह पूछे जाने पर कि मंत्री सीपी सिंह ने कहा है कि वे ताला मरांडी की जगह रहते तो इस्तीफा दे देते, हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा के 50 मुंह हैं।
हेमंत सोरेन ने बताया कि केंद्रीय कमेटी की बैठक में यह तय हुआ है कि झामुमो पूरे प्रदेश में राज्य सरकार के खिलाफ जन जागरण अभियान आरंभ करेगा। 30 जून को भोगनाडीह में इसका एलान किया जा चुका है। इस बाबत पार्टी के तमाम विधायकों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। पूर राज्य में विधि-व्यवस्था का बुरा हाल है। बुनियादी सुविधाएं बिजली, पानी भी लोगों को नहीं मयस्सर हो रही है। इसे पार्टी मुद्दा बनाएगी।
डोभा मौत का कुआं
नेता प्रतिपक्ष ने डोभा को मौत का कुआं करार दिया। कहा, अबतक एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान डोभा में डूबकर जा चुकी है। रोजाना जानवर डूब रहे हैं। जल संचय का दावा कर सरकार आदिवासियों-मूलवासियों को मौत के मुंह में धकेलना चाहती है।
राज्यसभा चुनाव में गलत हुआ
राज्यसभा चुनाव में झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन की हार पर भी हेमंत बोले। उन्होंने कहा कि सारे प्रकरण ने विपक्ष के रिश्तों की डोर कमजोर की है। भाजपा द्वारा झामुमो मुक्त झारखंड के नारे पर उन्होंने कहा कि उनका सीधा मुकाबला भाजपा से है। ऐसे में पार्टी के नेता अपनी साख बचाए रखने के लिए अनापशनाप बोल रहे हैं।
इफ्तार पार्टी में जुटे दिग्गज
झामुमो केंद्रीय कमेटी की बैठक के बाद दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इसमें झामुमो के वरीय नेताओं के साथ पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, प्रदेश कांग्र्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांग्र्रेस प्रवक्ता राजेश ठाकुर समेत अन्य नेता शामिल हुए।