मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचा कोरोना, हेमंत सोरेन की पत्नी, दोनों पुत्र, बॉडीगार्ड और 16 कर्मचारी पाजिटिव
झारखंड में मुख्यमंत्री आवास भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है। मुख्यमंत्री की पत्नी साली दो बच्चे और एक सुरक्षाकर्मी के बाद रविवार को 16 कर्मचारियों के भी कोरोना पाजिटिव होने की सूचना सामने आई है।
रांची, जागरण संवाददाता। कोरोना का संक्रमण अब मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गया है। यहां मुख्यमंत्री हेमंत साेरेन को छोड़कर उनकी पत्नी कल्पना साेरेन, दोनों बेटे, मुख्यमंत्री की साली और उनके एक बॉडीगार्डशनिवार को जहां पॉजिटिव पाए गएथे, वहीं रविवार को मुख्यमंत्री आवास के 16 कर्मचारी भी कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इन कर्मचारियों में क्लर्क, ड्राइवर, माली, सुरक्षा कर्मचारी और कैंटीन कर्मचारी शामिल हैं।
सिविल सर्जन ने की संक्रमण होने की पुष्टि
सिविल सर्जन डा विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी को हल्के लक्षण हैं, इसलिए सभी होम आइसोलेशन में रहेंगे। सभी लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण थे, जिसके बाद सभी लोगों की जांच के लिए शनिवार को सैंपल लिया गया था। आरटीपीसीआर जांच में इन लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
हेमंत सोरेन समेत 13 लोगों का लिया गया था सैंपल
सदर अस्पताल की टीम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनका परिवार व बॉडगार्ड समेत 13 लोगों का सैंपल लिया था। जिसमें पांच लोग संक्रमित पाये गये हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि सीएम आवास से ही अन्य 62 लोगों का जांच हुआ है जिनका रिपोर्ट आना अभी बाकी है। रिपोर्ट के अनुसार कल्पना सोरेन की सीटी वैल्यू 32.2 है, जिसे अधिक खतरनाक नहीं माना नहीं जा सकता है।
अभी अन्य 62 लोगों की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार
झारखंड में अब मुख्यमंत्री आवास तक कोरोना का संक्रमण पहुंच गया है। मुख्यमंत्री आवास से अभी अन्य 62 लोगों की जांच रिपोर्ट आने का अभी इंतजार है। लेकिन हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन और उनके दोनों पुत्र तथा अंगरक्षक कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा भी कोरोना संक्रमित
सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गयी हैं। आरटीपीसीआर जांच में उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आयी है। कोविड के लक्षण उभरने पर उन्होंने अपनी आरटीपीसीआर जांच करायी थी। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आयी है। संक्रमित होने की जानकारी होते ही सांसद ने अपने आप को आइसोलेट कर लिया है। सांसद गीता कोड़ा के अलावा उनके परिवार के 77 वर्षीय एक सदस्य भी संक्रमित पाये गये हैं। स्वास्थ्य विभाग अब उनके संपर्क में आये लोगों की सूची तैयार कर रहा है। उनकी ट्रेवल हिस्ट्री का भी पता लगाया जा रहा है।