Move to Jagran APP

Jharkhand News: रघुवर दास का ओपन चैलेंज, जो करना है कर लो, झामुमो बोली- जल्‍द होगी कड़ी कार्रवाई

Jharkhand News झारखंड में राजनीतिक हालात तेजी से विस्‍फोटक बनते जा रहे हैं। आइएएस पूजा सिंघल पर छापेमारी फिर गिरफ्तारी के बाद से पक्ष-विपक्ष में टकराव की आशंका बनी हुई है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार नियम से नहीं अपने हिसाब से चल रही।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 16 May 2022 09:18 PM (IST)Updated: Mon, 16 May 2022 10:58 PM (IST)
Jharkhand News: रघुवर दास का ओपन चैलेंज, जो करना है कर लो, झामुमो बोली- जल्‍द होगी कड़ी कार्रवाई
Jharkhand News: झारखंड में राजनीतिक हालात बहुत तेजी से विस्‍फोटक बनते जा रहे हैं।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand News भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को राज्य सरकार पर हमला बोला। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने सोरेन परिवार पर निशाना साधा। कहा कि यह अपने इर्द-गिर्द बैठे लोगों के लिए काम कर रहा है। राज्य के लिए यह परिवार पूरी तरह बोझ बन गया है। भाजपा इस बोझ को हटाएगी। 28 महीनों के शासन में जो प्रदेश की हालत है, उसकी परिणति हम सब देख रहे हैं। आज पूरे देश में झारखंड के भ्रष्टाचार की चर्चा है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार अपने हिसाब से कानून चला रही है।

loksabha election banner

शराब के टेंडर और बालू पर बोलते हुए कहा कि बालू की लूट जारी है। कानून सबके लिए एक समान नहीं है। सत्ता में बैठे लोग ही अवैध काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने व अपनी पत्नी के नाम से लीज ले रहे हैं। सीएम के सलाहकार, उनके विधायक प्रतिनिधि, डीसी की पत्नी सबके नाम से पट्टे लिए गए हैं। जब सत्ता में बैठे लोग ही इस प्रकार का उल्लंघन करेंगे तो राज्य में कानून की सरकार कैसे स्थापित हो सकता है। सभी महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों का एक ही उद्देश्य है पैसा कमाना। सबने देखा कि एक अफसर का पैसा निकला तो दर्द किसको हुआ। सरकार जितने अधिक दिनों तक रहेगी, उतना ही नुकसान इस राज्य को होगा। भाजपा का आंदोलन इस सरकार को उखाड़ फेंकने तक जारी रहेगा। लोकतंत्र में लड़ाई लड़ने के जितने भी तरीके हैं उन सभी तरीकों से हम सभी लोग लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Jharkhand News: IAS पूजा सिंघल के WhatsApp से सबको हिला देने वाला खुलासा, झारखंड में उठा सियासी तूफान

बाबूलाल ने ग्रैंड माइंनिंग कंपनी का जिक्र करते कहा कि खनन की सुविधा के लिए खदान तक सड़क बनाई गई। फारेस्ट एरिया में रास्ता बनाया गया। ये जो कहेंगे, वही कानून है। फारेस्ट के लोगों ने केस भी किया लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने रांची उपायुक्त पर आरोप लगाया कि बाजरा एवं बरियातू की जमीन के आरोपों की रिपोर्ट उनके खिलाफ है। इसके बावजूद वे महत्वपूर्ण पदों पर बैठे हैं।

सरयू राय आरोप न लगाएं, जांच करवाएं

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर विधायक सरयू राय द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर बाबूलाल ने कहा कि जो आरोप लगा रहे थे वे उस समय उनके साथ थे। आज भी सरकार के सलाहकार बने हुए हैं। रघुवर दास ने खुद कहा है कि जिस एजेंसी से भी जांच करानी हो कर लें, वे कहां भाग रहे हैं। आपके पास पूरी एजेंसी है।

तथ्यों के साथ आरोप लगाना चाहिए बाबूलाल को : झामुमो

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बाबूलाल मरांडी द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया। केंद्रीय समिति सदस्य सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मरांडी को तथ्यों के आधार पर आरोप लगाना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा दिल्ली से एक साथ लौटे हैं। तीनों रघुवर दास को फंसाने की थ्योरी पर काम कर रहे हैं। यही वजह है कि ये रघुवर सरकार के कार्यकाल में हुए गलत कार्यों पर निशाना साध रहे हैं।

भाजपा की तिकड़ी फंसाने में लगी है रघुवर को

उन्‍होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जिस चिनिया प्रखंड के माइंस को लेकर हेमंत सरकार पर आरोप मढ़ा है, वह रघुवर सरकार के कार्यकाल में चार मार्च 2019 को स्वीकृत हुआ और उसकी रजिस्ट्री 19 जुलाई 2019 को हुई। यह भी कहा कि झामुमो भ्रष्ट अधिकारियों के साथ नहीं है। हेमंत सरकार ने गरीबों पर टैक्स कम कर राज्य की आर्थिक सेहत को सुधार के लिए संपन्न लोगों का कर थोड़ा बढ़ाया तो मनुवादी भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि रघुवर दास के शासन में हुए मोमेंटम झारखंड और उनके नगर विकास मंत्री के पद पर रहते हुए मेनहर्ट घोटाले में कार्रवाई जल्द होगी।

हमने गरीब परिवारों को किया होल्डिंग टैक्स से मुक्त

झामुमो नेता ने कहा कि 250 की जगह अब 350 वर्ग फुट वाले घरों को होल्डिंग टैक्स से मुक्त किया गया है। इस फैसले से 80 हजार गरीबों को लाभ होगा। सरकार ने सर्किल रेट पर होल्डिंग टैक्स वसूलने की व्यवस्था की है। इससे गरीबों के मुहल्लों से कम और सम्पन्न लोगों से अधिक प्रापर्टी टैक्स वसूला जा सकेगा। इस फैसले से भाजपा को परेशानी हो रही है। भाजपा सरकार में होल्डिंग 300 रुपये से बढ़ा कर 3024 रुपये और कामर्शियल रेट 2035 से 10388 रुपये बढ़ाकर किया गया था।

भ्रष्ट अफसरों की पैरवी कर रहा झामुमो : दीपक प्रकाश

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने झामुमो के दावे पर कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो भ्रष्ट अफसरों की पैरवी में जुटी है। अफसरों के भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बताया जा रहा है। झामुमो चोरी भी, सीनाजोरी भी कर रहा है।

बदले की भावना से सरकार कर रही कार्रवाई

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सरोज सिंह ने राज्य सरकार पर बदले की भावना से कार्य करने का आरोप लगाया है। सरोज सिंह ने कहा कि तबादला और पदस्थापन राज्य सरकार का अधिकार होता है। लेकिन अधिकारियों पर नियम विरुद्ध और गैर कानूनी कार्रवाई का दबाव बनाना और उसे पूरा नहीं करने पर उनका तबादला करना राजशाही सोच का परिणाम है। सरोज सिंह ने कहा कि समाचार पत्रों के हवाले से यह सूचना मिली है कि राज्य की पुलिस के कतिपय उच्चाधिकारियों को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर केस कर गिरफ्तार किए जाने का निर्देश दिया गया और चूंकि पुलिस अधिकारियों ने नियम विरुद्ध कार्रवाई करने से इंकार कर दिया, इसलिए उनको उनके पद से हटाया गया। कहा, बदले की भावना से वशीभूत होकर अधिकारियों से गलत काम कराने का परिणाम घातक हो सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.